देश की खबरें | समय आने पर श्रीजेश की जगह लेगा कृशन पाठक , कहा भारत के गोलकीपिंग कोच ने

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपिंग कोच डेनिस वान डे पोल का मानना है कि युवा गोलकीपर कृशन पाठक काफी परिपक्व हो गए हैं और जब पी आर श्रीजेश खेल को अलविदा कहेंगे तो उनकी जगह ले सकते हैं।

नयी दिल्ली, 17 जनवरी भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपिंग कोच डेनिस वान डे पोल का मानना है कि युवा गोलकीपर कृशन पाठक काफी परिपक्व हो गए हैं और जब पी आर श्रीजेश खेल को अलविदा कहेंगे तो उनकी जगह ले सकते हैं।

25 वर्ष के पाठक तोक्यो ओलंपिक में श्रीजेश के साथ अतिरिक्त गोलकीपर थे । भारत ने तोक्यो ओलंपिक में ऐतहासिक कांस्य पदक जीता था ।

इसके बाद से पाठक और श्रीजेश दोनों भारतीय टीम का नियमित हिस्सा हैं और चार क्वार्टर में बारी बारी से गोलकीपिंग करते हैं । पिछले 16 साल से भारतीय टीम के साथ खेल रहे 34 वर्ष के श्रीजेश अपने कैरियर की ढलान पर हैं ।

वान डे पोल ने पीटीआई से कहा ,‘‘ मैने भारतीय टीम के साथ शिविर में काम किया है । दिसंबर में बेंगलुरू में मैने नौ गोलकीपरों के साथ काम किया जिनमें से तीन श्रीजेश, पाठक और सूरज करकेरा भारतीय टीम का हिस्सा हैं । वहीं 2019 जूनियर टीम के गोलकीपर अब सीनियर ग्रुप में है लिहाजा भविष्य अच्छा है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ आजकल गोलकीपर का काम सिर्फ गोल के सामने खड़े रहना नहीं है । अब हरफनमौला गोलकीपर होते हैं । आपको अच्छा शॉट स्टॉपर और पेनल्टी कॉर्नर को भांपने वाला भी होना चाहिये । श्रीजेश को ऐसा करते देखा है । ’’

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम इस विश्व कप में पदक जीतने की प्रबल दावेदार है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमारे पास अच्छी मजबूत टीम है । हमारा डिफेंस शानदार है । इंग्लैंड के खिलाफ आक्रमण उतना अच्छा नहीं था लेकिन डिफेंस में प्रदर्शन दमदार रहा । पेनल्टी कॉर्नर का बचाव बहुत अच्छा है ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\