देश की खबरें | पंजाब और हरियाणा के करीब 100 स्थानों पर किया गया कोविड-19 टीकाकरण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरूआत होने पर शनिवार को पंजाब और हरियाणा के करीब 100 स्थानों पर वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 16 जनवरी कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरूआत होने पर शनिवार को पंजाब और हरियाणा के करीब 100 स्थानों पर वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शनिवार को प्राधिकारों ने पंजाब में 59 और हरियाणा में 77 स्थान टीकाकरण के लिए निर्धारित किये थे। टीकों के प्रति लोगों में विश्वास को मजबूत करने और टीके के बारे में किसी भी संदेह को दूर करने की कोशिश के तहत कई स्थानों पर सबसे पहले वरिष्ठ चिकित्सकों ने टीका लगवाया।

केंद्र से पंजाब और हरियाणा को कोविड-19 के टीके की क्रमश: 2.04 लाख व 2.41 लाख खुराक प्राप्त हुई है।

हरियाणा स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक सूरजभान कम्बोज ने भी कोविड-19 का टीका लगवाया और कहा, ‘‘टीका पूरी तरह से सुरक्षित है और अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाना चाहिए।’’

पंजाब के मोहाली से टीकाकारण अभियान की शुरुआत करने वाले राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि वैज्ञानिक टीकों के सुरक्षित होने को लेकर आश्वस्त नहीं होते तो इन्हें मंजूरी नहीं दी गई होती।

पटियाला के सिविल सर्जन सतिंदर सिंह ने बताया कि अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ उन्होंने भी टीका लगवाया है, ताकि लोगों में टीकाकरण के प्रति विश्वास का भाव पैदा किया जा सके।

लुधियाना के सिविल हॉस्पटिल के डॉक्टर ने कहा कि उन्हें गर्व है कि टीके की पहली खुराक उन्हें लेने का मौका मिला। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टीके को लेकर भयभीत नहीं हों।

उन्होंने कहा कि मेरे वरिष्ठ डॉक्टरों ने भी टीका लगवाया है और यह शत प्रतिशत सुरक्षित है तथा लोगों को इसपर भरोसा करना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\