कोविड-19 : बीएसएफ मुख्यालय की दो मंजिल सील की गईं
बीएसएफ का आठ मंजिला मुख्यालय लोधी रोड पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित है। यहीं सीआरपीएफ का मुख्यालय भी है जिसे दो कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद रविवार को सील कर दिया गया था।
नयी दिल्ली, चार मई सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दिल्ली स्थित मुख्यालय की दो मंजिलों को एक कर्मचारी के कोविड-19 संक्रमित मिलने के बाद सील कर दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बीएसएफ का आठ मंजिला मुख्यालय लोधी रोड पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित है। यहीं सीआरपीएफ का मुख्यालय भी है जिसे दो कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद रविवार को सील कर दिया गया था।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, “बल के मुख्यालय में काम कर रहा बीएसएफ का एक हेड कांस्टेबल तीन मई की रात कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। वह एक मई को कार्यालय आया था।”
उन्होंने कहा, “वह दूसरी मंजिल के एक कार्यालय में काम कर रहा था। कार्यालय की पहली और दूसरी मंजिल को एहतियातन बंद कर दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि संक्रमित कर्मचारी के संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पृथक-वास में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि संपर्क में आए सभी लोगों की कोविड-19 जांच कराई जाएगी।
बीएसएफ के मुख्यालय में उसकी अभियान और प्रशासनिक शाखाओं के अलावा महानिदेशक (डीजी) और अन्य वरिष्ठ कमांडरों का दफ्तर है।
प्रवक्ता ने कहा कि मामला सामने आने से पहले विशेष एहतियात के तौर पर मुख्यालय को शुक्रवार शाम चार बजे बंद कर दिया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि हेड कांस्टेबल में बीमारी के कुछ लक्षण दिखने के बाद ऐसा किया गया था और उसे तत्काल चिकित्सा जांच के लिये भेजा गया था।
प्रवक्ता ने कहा कि सभी मौजूद कर्मचारियों से दफ्तर खाली करा लिया गया और दफ्तर परिसर की अच्छी तरह से साफ-सफाई कराई गई।
उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को मुख्यालय बंद था और “सुरक्षा कर्मियों और नियंत्रण कक्ष के कुछ सीमित सदस्यों को छोड़कर कोई कर्मचारी नहीं था।”
उन्होंने कहा, “कोविड-19 संक्रमण के नए मामले के मद्देनजर सीजीओ कॉम्प्लेक्स के समूचे ब्लॉक 10 (जहां बीएसएफ मुख्यालय स्थित है) को संक्रमण मुक्त करने का काम आज फिर किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि मानकों के मुताबिक हेड कांस्टेबल के संपर्क में रहे लोगों के संपर्क में आए लोगों की पहचान भी की जा रही है और सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।
सीमा की निगरानी करने वाले इस अर्धसैनिक बल के कुल 54 जवान अब तक संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 03:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

