एजेंसी न्यूज

कोविड-19 : संक्रमित सहकर्मी के संपर्क में आने को लेकर झूठ बोलने पर तीन कांस्टेबल निलंबित

पुलिस ने बताया कि ये तीनों कांस्टेबल शास्त्री पार्क थाने में तैनात थे, जहां 28 अप्रैल को एक उपनिरीक्षक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। तीनों कांस्टेबलों ने दावा किया था कि, उन्होंने संक्रमित पुलिसकर्मी के साथ ड्यूटी की थी, और उन्हें स्व-पृथक-वास के लिए घर भेजा जाना चाहिए।

कोविड-19 : संक्रमित सहकर्मी के संपर्क में आने को लेकर झूठ बोलने पर तीन कांस्टेबल निलंबित
जमात

नयी दिल्ली, एक मई कोरोना वायरस से संक्रमित सहकर्मी के संपर्क में आने को लेकर झूठ बोलने पर, दिल्ली पुलिस की महानगर इकाई के तीन कांस्टेबलों को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि ये तीनों कांस्टेबल शास्त्री पार्क थाने में तैनात थे, जहां 28 अप्रैल को एक उपनिरीक्षक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। तीनों कांस्टेबलों ने दावा किया था कि, उन्होंने संक्रमित पुलिसकर्मी के साथ ड्यूटी की थी, और उन्हें स्व-पृथक-वास के लिए घर भेजा जाना चाहिए।

पुलिस उपायुक्त (मेट्रो) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा, ‘‘उन्होंने (कांस्टेबलों) दावा किया कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए उपनिरीक्षक के संपर्क में आए हैं, लेकिन पड़ताल किए जाने पर हमने पाया कि उन्होंने ड्यूटी से बचने के लिए झूठ बोला था।’’

पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार कोरोना वायरस से संक्रमित 57 वर्षीय उपनिरीक्षक पिछले कुछ दिन से या तो अपने घर पर थे, या थाने के जांच अधिकारी कक्ष में थे और वह बाहर नहीं गए।

अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबलों ने झूठ बोलने के साथ ही छुट्टी या चिकित्सा विश्राम के लिए आवेदन भी कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस अपने कर्मियों की ड्यूटी पहले ही बारी-बारी से लगाती रही है, ताकि किसी पर ज्यादा भार न पड़े।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उपनिरीक्षक को 21 अप्रैल को बुखार आया और चिकित्सा जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। 23 अप्रैल को आरएमएल अस्पताल में उनका कोविड-19 परीक्षण हुआ, और 28 अप्रैल को मिली रिपोर्ट में वह संक्रमित पाए गए। इसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा कि संबंधित उपनिरीक्षक के साथ वास्तव में ड्यूटी करनेवाले तीन अन्य पुलिसकर्मियों की जांच लेडी हार्डिंग अस्पताल में कराई गई और उनकी रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। उन्हें घर में पृथक-वास के लिए भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).