एजेंसी न्यूज

इंदौर में कोविड-19 के मरीजों को वॉर्ड में मिलेगी टीवी और वीडियो कॉलिंग की सुविधा

इंदौर, देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है। इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) आकाश त्रिपाठी ने शनिवार को बताया, "अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अकेलेपन के अहसास के कारण कोविड-19 के मरीजों में नकारात्मकता पैदा हो जाती है जिससे उनके अवसाद में जाने का खतरा रहता है। उन्हें इस खतरे से बचाने के लिये हम जिले के हर सरकारी और निजी अस्पताल के कोविड-19 वॉर्ड में टेलीविजन और वीडियो कॉलिंग की सुविधा प्रदान करने जा रहे हैं।"

इंदौर में कोविड-19 के मरीजों को वॉर्ड में मिलेगी टीवी और वीडियो कॉलिंग की सुविधा
जमात

इंदौर, 16 मई मध्यप्रदेश के इंदौर के अलग-अलग अस्पतालों के कोविड-19 वॉर्डों में भर्ती मरीजों को अकेलेपन के अहसास, ऊब और अवसाद से बचाने के लिये प्रशासन उन्हें टेलीविजन और वीडियो कॉलिंग की सुविधा प्रदान करने जा रहा है।

इंदौर, देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है। इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) आकाश त्रिपाठी ने शनिवार को बताया, "अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अकेलेपन के अहसास के कारण कोविड-19 के मरीजों में नकारात्मकता पैदा हो जाती है जिससे उनके अवसाद में जाने का खतरा रहता है। उन्हें इस खतरे से बचाने के लिये हम जिले के हर सरकारी और निजी अस्पताल के कोविड-19 वॉर्ड में टेलीविजन और वीडियो कॉलिंग की सुविधा प्रदान करने जा रहे हैं।"

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के लिये सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल के साथ ही निजी कम्पनियों से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत भी मदद ली जायेगी।

त्रिपाठी ने बताया, "हम जिले के हर अस्पताल के कोविड-19 वॉर्ड में उच्च गति के वाई-फाई कनेक्शन वाला एक-एक टेबलैट देंगे। इसके इस्तेमाल से मरीज अपने परिजनों और अन्य नजदीकी लोगों को वक्त-वक्त पर वीडियो कॉल कर सकेंगे। इससे मरीजों में सकारात्मक भाव का संचार होगा और उनमें महामारी से उबरने की इच्छा प्रबल होगी।"

गौरतलब है कि प्रशासन ने कोविड-19 वॉर्डों में मरीजों को टेलीविजन और वीडियो कॉलिंग की सुविधा प्रदान करने की योजना शहर के शासकीय महाराजा तुकोजीराव होलकर चिकित्सालय में भर्ती 78 वर्षीय बुजुर्ग की कथित आत्महत्या के बाद बनायी है। इस उम्रदराज मरीज को कोरोना वायरस संक्रमण के संदेह में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि दोनों फेफड़ों के गंभीर निमोनिया से जूझ रहा यह मरीज जांच में कोविड-19 संक्रमित नहीं मिला था। अधिकारियों के मुताबिक संभवत: उसने अचानक अवसाद में आकर बुधवार सुबह अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित अपने कमरे की खिड़की से कथित तौर पर छलांग लगाकर खुदकुशी का कदम उठाया था। वह इस घटना के 19 दिन पहले से अस्पताल में भर्ती था।

अधिकारियों ने बताया कि रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में कोविड-19 के मरीजों की तादाद बढ़कर 2,378 पर पहुंच गयी है। इनमें से 99 लोग दम तोड़ चुके हैं, जबकि 1,100 से ज्यादा मरीज इलाज के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। फिलहाल जिले के अलग-अलग अस्पतालों में इस बीमारी के करीब 1,100 मरीज भर्ती हैं।

हर्ष.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 05:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).