एजेंसी न्यूज

कोविड-19: असम में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 500 के पार

शर्मा ने अपने ट्वीट में बताया कि इन नये मामलों के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 514 हो गये तथा उनमें से 445 मरीज उपचाराधीन हैं।

कोविड-19: असम में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 500 के पार
जियो

गुवाहाटी, 25 मई असम में सोमवार को एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 122 नए मरीज सामने आने के साथ ही राज्य में इस महामारी के मामले 500 के पार पहुंच गये। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हिमंत विश्व सरमा ने यह जानकारी दी।

शर्मा ने अपने ट्वीट में बताया कि इन नये मामलों के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 514 हो गये तथा उनमें से 445 मरीज उपचाराधीन हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 के 48 नये मामले सामने आये। करीमगंज से 16, लखीमपुर से आठ, गुवाहाटी से आठ, कछार से पांच, हैलाकांडी से चार, दक्षिण सलमारा से तीन, नलबाड़ी से दो तथा मोरीगांव/गोवालपारा से एक-एक नये मरीज हैं।’’

उससे पहले दिन में अपने विभिन्न ट्वीटों में मंत्री ने बताया था कि राज्य के विभिन्न जिलों में और 74 लोग इस वायरस से संक्रमित पाये गये हैं।

उन्होंने बताया कि गोलाघाट जिले से 53, कोकराझार से छह, करीमगंज से पांच, धेमाजी से चार, तिनसुकिया और शिवसागर से दो-दो तथा जोरहाट और नगांव से एक-एक नये मरीज हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरी तरफ पांच मरीज स्वस्थ हुए और राज्य के विभिन्न अस्पतालों से उनहें छुट्टी दी गयी।

सरमा ने कहा कि बाहर से लौटे लोगों में ज्यादातर कोरोना वायरस संक्रमित पाये गये हैं।

उन्होंने बताया कि कुल 514 मामलों में चार मरीजों की मौत हो गयी जबकि 62 स्वस्थ हो गये। इसके अलावा तीन मरीज राज्य से चले गये हैं।

अंतर-राज्यीय सड़क यातायात सेवा और रेल मार्ग सेवा शुरू होने के बाद यहां कोविड-19 के मामले बढ़े हैं।

दो महीने तक देश में यात्री विमान सेवा बंद रहने के बाद दोबारा इसके खुलने पर अधिकारियों को आशंका है कि मामले और भी तेजी से बढ़ सकते हैं।

राज्य में लौटने वाले सभी लोगों की जांच के लिए प्रशासन ने पांच क्षेत्रीय जांच शिविर शुरू किए हैं और इसी तरह की सुविधा पहले से ही जिला मुख्यालयों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2020 10:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).