एजेंसी न्यूज

वैक्सीनेशन का कार्य जोरों पर, दिल्ली में अब तक एक लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अब तक एक लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीका लगाया जा चुका है. अग्रिम मोर्चे के कर्मचारियों के टीकाकरण की भी शुरूआत की गई है.”

वैक्सीनेशन का कार्य जोरों पर, दिल्ली में अब तक एक लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया

नयी दिल्ली, छह फरवरी: दिल्ली में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत लोगों को टीका लगाने का आंकड़ा शनिवार को एक लाख से अधिक हो गया जिनमें अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी हैं. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. दिल्ली में शुक्रवार को 9,200 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 टीका लगाया गया था.एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अब तक एक लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीका लगाया जा चुका है. अग्रिम मोर्चे के कर्मचारियों के टीकाकरण की भी शुरूआत की गई है.”

अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी आगे आए और उन्होंने टीका लगवाकर उदाहरण पेश किया. साथ ही कई पुलिसकर्मी भी टीका लगवाने के लिए आगे आए. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासकों को टीके की सुरक्षा और प्रभाव को लेकर आम जनता में विश्वास जगाने की आवश्यकता है.

टीकाकरण अभियान के तीसरे सप्ताह में शुक्रवार को दिल्ली में 9,200 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 के टीके लगाए गए थे. सूत्रों ने बताया था कि अब अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के लिए भी शनिवार से टीकाकरण शुरू हो जाएगा. उनमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा कर्मी, जल बोर्ड और बिजली विभाग के कर्मचारी शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि साथ ही, अब सप्ताह में छह दिन यानी सोमवार से लेकर शनिवार तक टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है, जबकि पहले सिर्फ चार दिन- सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को ही टीके लगाए जाते थे. टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू होने के बाद अभियान की गति बीच में धीमी पड़ गई थी, लेकिन पिछले कई दिनों से रफ्तार बढ़ रही है.

अधिकारियों ने कहा कि पांच फरवरी को टीकाकरण की लक्षित संख्या 18,400 थी, लेकिन 9216 लोगों को ही टीके लगाए गए, जो लक्षित संख्या का करीब 50 प्रतिशत है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2021 08:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).