एजेंसी न्यूज

कोविड-19: गुजरात में रेड जोन के बाहर स्थित बाजार और दुकानें खुलीं

कोरोना वायरस संक्रमण पर नियंत्रण करने के लिए तीसरे चरण का बंद सोमवार से लागू हो गया। राज्य सरकार ने रविवार को रेड, ऑरेंज तथा ग्रीन जोन में रियायतों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये थे।

कोविड-19: गुजरात में रेड जोन के बाहर स्थित बाजार और दुकानें खुलीं
जमात

अहमदाबाद, चार मई गुजरात के छह बड़े शहरों और उतने ही नगरपालिका क्षेत्रों को छोड़कर बाकी सभी हिस्सों में दुकान, बाजार और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान सोमवार को खोले गए।

कोरोना वायरस संक्रमण पर नियंत्रण करने के लिए तीसरे चरण का बंद सोमवार से लागू हो गया। राज्य सरकार ने रविवार को रेड, ऑरेंज तथा ग्रीन जोन में रियायतों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये थे।

करीब 40 दिनों तक घर में रहने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोग बड़ी संख्या में बाजार में नजर आए। वहीं, लोग अपने कार्यालय भी जाते दिखे। जामनगर, जूनागढ़, मेहसाना, द्वारका, राजपीपला के स्थानीय बाजारों (अकेली दुकानें) में लोग खरीदारी के लिए निकले। इन जगहों पर निश्चित समय के लिये बाजार खोलने की अनुमति दी गई है।

रियायतों की घोषणा के बाद कई औद्योगिक इकाइयों में भी कार्य बहाल किया गया है। रविवार को राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, गांधीनगर, भावनगर और राजकोट में प्रतिबंधों में रियायत नहीं मिलेगी। गुजरात में संक्रमण के ज्यादातर मामले इन्हीं शहरों से सामने आए हैं। वहीं बोटाद, बोपाल, खंभात, बारेजा, उमरेठ और गोधरा नगरपालिका क्षेत्रों में भी रियायतें नहीं है।

ये छह बड़े शहर और छह नगपालिका क्षेत्र रेड जोन में आते हैं। राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि पान की दुकानें और शराब की दुकानें रियायत के दायरे में नहीं आती हैं।

वहीं, जूनागढ़ (ग्रीन जोन) में हार्डवेयर, गैराज, चप्पलों की दुकानें, कपड़े की दुकानें सोमवार को खोली गईं।

जूनागढ़ के कलेक्टर सौरभ पार्धी ने कहा, ‘‘ जरूरी सामानों (जैसे-दूध) की बिक्री करने वाली दुकानें सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक अन्य दुकानें खुलेंगी।

कलेक्टर ने बताया कि हालांकि स्कूल, मॉल, पान दुकानों को अभी खोले जाने की अनुमति नहीं है। ऑरेंज और ग्रीन जोन वाले क्षेत्रों में लॉन्ड्री, मिठाई, सैलून और आभूषण की दुकानों को भी दिन में खोलने की अनुमति दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 09:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).