देश की खबरें | कोविड-19 : आजीविका प्रभावित होने के बीच सड़क पर उतरे वकील
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 अगस्त स्थानीय कचहरियों में पहले की तरह नियमित सुनवाई शुरू किये जाने की गुहार के साथ वकीलों ने मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर के सामने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर फिलहाल अदालतों में सीमित संख्या में मुकदमे सुने जा रहे हैं, जबकि वकील संगठन लगातार अनुरोध कर रहे हैं कि पहले की तरह नियमित न्यायिक काम-काज बहाल किया जाये।

यह भी पढ़े | मुंबई के धारावी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8 नए मामले आए सामने : 11 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

एमजी रोड स्थित जिला न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार के सामने जुटे करीब 100 वकीलों ने अपनी इस गुहार के समर्थन में तख्तियां लहराते हुए नारे लगाये।

प्रदर्शन करने वाले वकीलों में शामिल धर्मेन्द्र गुर्जर ने संवाददाताओं से कहा, "गुजरे साढ़े चार महीनों के दौरान स्थानीय अदालतों में हजारों मामलों की सुनवाई आगे बढ़ जाने से वकीलों के सामने आजीविका का संकट पैदा हो गया है। इससे हमारे पक्षकार भी परेशान हो रहे हैं।"

यह भी पढ़े | Plasma Bank for COVID-19 treatment: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्लाज्मा बैंक खोलने की पहल बनी कोरोना मरीजों के लिए संजीवनी.

गुर्जर ने कहा, "हम शीर्ष न्यायालय और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय से गुहार करते हैं कि इंदौर की अदालतों में पहले की तरह नियमित सुनवाई शुरू किये जाने का आदेश दिया जाये। "

उन्होंने कहा, "हम भरोसा दिलाते हैं कि पहले की तरह नियमित न्यायिक काम-काज बहाल होने की स्थिति में वकीलों की ओर से अदालत परिसरों में शारीरिक दूरी रखी जायेगी और कोविड-19 से बचाव के अन्य दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जायेगा।"

इस बीच, स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 176 नये मामले मिलने के बाद इनकी तादाद 8,900 तक पहुंच गयी है। इनमें से 336 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि 6,001 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)