कोविड-19: संदिग्ध संक्रमितों के नमूने एकत्र करने के लिए ‘‘कोविड विस्क’’ बना नौसेना का हिस्सा
जमात

कोच्चि (केरल), 16 मई कोविड-19 के लक्षण वाले लोगों के नमूने एकत्र करने के लिए देश में बना ‘कोविड विस्क’ (वाल्क इन स्वाब कलेक्शन कियोस्क) भारतीय नौसेना का हिस्सा बन गया है।

यह कियोस्क नमूना एकत्र करने के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की शारीरिक और मानसिक मदद करने के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) की खपत में भी कमी ला रहा है।

कोविड-19 के लक्षण वाले मरीजों की जांच के लिए दक्षिण कोरिया में अपनाई गई नवोन्मेषी तरीके से प्रेरणा लेकर यहां के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ने परिसर में संक्रमित लोगों के नमूने सुरक्षित तरीके से एकत्र करने के लिए कम लागत से इस कियोस्क की पिछले महीने स्थापना की थी।

नौसेना द्वारा इस कियोस्क को एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर में ले जाने योग्य बनाने का सुझाव दिए जाने के बाद नौसेना भौतिक एवं समुद्र विज्ञान प्रयोगशाला (एनपीओएल) ने इसमें जरूरी बदलाव किया।

रक्षा प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि इसमें कम कीमत की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और कई हिस्सों में अलग-अलग कर आसानी से इसका परिवहन किया जा सकता है।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि कियोस्क को शुक्रवार को दक्षिणी कमान की कमांडर (कमान चिकित्सा अधिकारी) सर्जन कमोडोर आरती सरीन को सौंपा गया।

विस्क का प्रदर्शन आईएनएस गरूड़ पर किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)