एजेंसी न्यूज

देश में कोविड-19 ने ली 723 जान, संक्रमण के कुल मामले 23,452 : स्वास्थ्य मंत्रालय

इससे पहले 20 अप्रैल को एक दिन में सबसे ज्यादा 1,540 मामले सामने आए थे।

देश में कोविड-19 ने ली 723 जान, संक्रमण के कुल मामले 23,452 : स्वास्थ्य मंत्रालय
जमात

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल देश में कोरोना वायरस महामारी के कारण बृहस्पतिवार से आज तक 37 और लोगों की जान जाने के साथ ही, कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 723 पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 1,752 नए मामले सामने आए जिन्हें मिलाकर संक्रमित लोगों की कुल संख्या 23,452 पहुंच गई।

इससे पहले 20 अप्रैल को एक दिन में सबसे ज्यादा 1,540 मामले सामने आए थे।

मंत्रालय ने कहा देश में अभी 17,915 कोविड-19 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 4,813 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई तथा एक व्यक्ति विदेश चला गया।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि अत: अब तक करीब 20.52 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं।

भारतीय आयुर्विज्ञान शोध परिषद (आईसीएमआर) ने कहा कि 24 अप्रैल को सुबह नौ बजे तक 23,502 नमूने संक्रमित पाए गए थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के 23,452 मरीजों के आंकड़े में 77 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों में कहा गया कि बृहस्पतिवार की शाम से कुल 37 लोगों की मौत इस बीमारी से हुई है। इनमें से 14 मरीजों की जान महाराष्ट्र में, नौ की गुजरात में, तीन की उत्तर प्रदेश में, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश,तमिलनाडु और तेलंगाना में दो-दो और कर्नाटक में एक मरीज की जान गई है।

अब तक हुई कुल 723 मौत में से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 283 लोगों की जान गई है। उसके बाद गुजरात में 112, मध्य प्रदेश में 83, दिल्ली में 50, आंध्र प्रदेश में 29, राजस्थान में 27 और तेलंगाना में 26 लोगों की मौत हुई है।

उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या 24 तक पहुंच गई है जबकि तमिलनाडु में 20 और कर्नाटक में 18 लोग इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं।

मंत्रालय के मुताबिक, पंजाब में 16 लोगों की मौत इस बीमारी से हुई है जबकि पश्चिम बंगाल में 15 जान गई हैं। कोविड-19 से जम्मू-कश्मीर में पांच, केरल, झारखंड और हरियाणा में तीन-तीन मौत हुई हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में दो लोगों की मौत हुई जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की जान इस बीमारी से गई।

हालांकि विभिन्न राज्यों में दर्ज किये गए आंकड़ों के हिसाब से पीटीआई- द्वारा तैयार तालिका के मुताबिक, शुक्रवार तक कुल 23,577 संक्रमण के मामले सामने आए जबकि 743 लोगों की इस बीमारी से जान जा चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2020 07:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).