एजेंसी न्यूज

गुजरात में कोविड-19 संक्रमण के मामले 5000 के पार, एक दिन में 26 मौतें

राज्य में कोविड-19 के कुल मामले 5054 हैं जिसमें अहमदबाद में सामने आये 250 नये मामले शामिल हैं।

गुजरात में कोविड-19 संक्रमण के मामले 5000 के पार, एक दिन में 26 मौतें
जमात

अहमदाबाद, दो मई गुजरात में 333 और व्यक्तियों के कोविड-19 से संक्रमित होने के साथ ही राज्य में इसके मामले बढ़कर पांच हजार के पार हो गए जबकि 26 और मौतें होने से मृतक संख्या बढ़कर 262 हो गई। अकेले अहमदाबाद में 20 मौतें हुईं जो कि एक दिन में होने वाली सबसे अधिक मौतें हैं। यह जानकारी गुजरात के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी।

राज्य में कोविड-19 के कुल मामले 5054 हैं जिसमें अहमदबाद में सामने आये 250 नये मामले शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा कि गुजरात अब ‘पूल टेस्टिंग’ की ओर बढ़ रहा है।

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने कहा, ‘‘शनिवार को 160 और लोगों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे इस संक्रमण से ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 896 हो गई है।’’

उन्होंने कहा कि सबसे अधिक 63 लोगों को अहमदाबाद में ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई।

उन्होंने कहा कि 26 मृतकों में से 17 को पहले से स्वास्थ्य समस्याएं थीं। उन्होंने कहा कि कुल 10 मृतक एक से अधिक बीमारियों से पीड़ित थे।

रवि ने कहा, ‘‘26 मृतकों में से 20 की मृत्यु अहमदाबाद के अस्पतालों में हुईं, तीन की मौत वडोदरा, दो की सूरत में और एक ही आणंद में हुईं।’’

अधिकारी ने कहा कि गुजरात में सामने आये कोविड-19 के 333 नये मामलों में से 250 मामले अहमदाबाद से सामने आये, वहीं वडोदरा और सूरत से 17-17 मामले सामने आये हैं। इससे इन तीन जिलों में कुल मरीजों की संख्या क्रमश: 3,543, 325 और 661 हो गई है।

अन्य जिले जहां से नये मामले आये हैं उनमें गांधीनगर (18), भावनगर (6), बोटाद (6), दाहोद (1), खेड़ा (3), नवसारी (2), पंचमहाल (1), पाटन (3), तापी (1), वलसाड (1), महिसागर (6) और छोटा उदेपुर (1) शामिल हैं।

बारह जिलों में कुल 160 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई।

अहमदाबाद से (63) के अलावा 40 व्यक्तियों को वडोदरा, 32 को सूरत, 10 को बनासकांठा और छह को अरावली में ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई।

रवि ने कहा, ‘‘गुजरात ने अब तक 74,116 जांच की गई हैं।’’

अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा के अलावा अधिक मामले राजकोट (58), भावनगर (53), आणंद (74), भरूच (27), गांधीनगर (67), बनासकांठा (29), पंचमहाल (38) और बोटाद (270) से भी आये हैं।

गुजरात कोविड-19 के आंकड़े इस प्रकार हैं: संक्रमण के मामले 5,054, नए मामले 333, मौतें 262, ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किये गए 896, जिनका अभी भी इलाज चल रहा है 3,896, अभी तक 74,116 जांच हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).