एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | देशभर में कोविड-19 संक्रमण के मामले 3.3 लाख के पार, जांच तेज करने पर सरकार का ध्यान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जांच की क्षमता बढ़ाने और इस महामारी से संक्रमित लोगों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए जाने के बीच भारत में सोमवार को कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर तीन लाख 30 हजार के पार हो गई और मृतकों की संख्या भी 9,500 से ज्यादा हो गई है।

देश की खबरें | देशभर में कोविड-19 संक्रमण के मामले 3.3 लाख के पार, जांच तेज करने पर सरकार का ध्यान
जियो

नयी दिल्ली, 15 जून केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जांच की क्षमता बढ़ाने और इस महामारी से संक्रमित लोगों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए जाने के बीच भारत में सोमवार को कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर तीन लाख 30 हजार के पार हो गई और मृतकों की संख्या भी 9,500 से ज्यादा हो गई है।

देशभर में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन से बाहर निकलने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा केंद्रशासित क्षेत्रों के प्रशासकों के साथ इस महामारी पर लगाम लगाने के प्रयासों को लेकर चर्चा करेंगे।

यह भी पढ़े | कोरोना से महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा मौतें, 178 लोगों की गई जान: 15 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

तमिलनाडु में बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश सरकार ने सोमवार को कहा कि चेन्नई और आसपास के इलाकों में 19 जून से 30 जून तक फिर से पूर्ण लॉकडाउन लगाया जाएगा, और उस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं की इजाजत होगी।

यह फैसला एक विशेषज्ञ पैनल के सुझाव के बाद लिया गया जिसने राज्य में वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन की रियायतों को कम करने को कहा था।

यह भी पढ़े | राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- पूंजीपतियों के उपहार के लिए गरीब कर रहे भुगतान.

तमिलनाडु में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 44 और लोगों की मौत के साथ राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या 479 तक पहुंच गई है। राज्य में संक्रमण के 1,843 नए मामले भी सामने आए जिससे संक्रमित लोगों का आंकड़ा 46,504 हो गया।

इस बीच, पाबंदियों के फिर से लागू होने की अटकलों के बीच दिल्ली और गुजरात सरकार ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए बंद को फिर से लागू करने से इनकार किया है। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन को फिर से लागू किए जाने की आशंका जताई जा रही थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई सर्वदलीय बैठक के बाद सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने कहा कि दिल्ली में 20 जून तक कोविड-19 जांच बढ़ाकर 18 हजार की जाएगी।

केंद्र द्वारा दिल्ली को कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर और पल्स ऑक्सीमीटर के अलावा अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ ही इस महीने के अंत तक मरीजों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 37,000 बिस्तरों का भी इंतजाम किया जाएगा।

दिल्ली में अनुमान के मुताबिक फिलहाल रोजाना करीब पांच हजार जांच की जा रही हैं। दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 1647 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद कोविड-19 के कुल मामले 43 हजार के करीब पहुंच गए और मृतकों का आंकड़ा 1,400 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया है कि यहां पिछले 24 घंटे में 73 मरीजों की मौत हुई है।

कोरोना वायरस संक्रमण के लिए अधिक से अधिक जांच करने की दिल्ली की तैयारी के बीच स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में केंद्र के तहत आने वाली प्रयोगशालाओं की सुविधाएं शहर की सरकार को दी जा रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह दिए गए अपडेट में बताया गया कि देश में कोरोना संक्रमण के पुष्ट मामले 3,32,424 हो गए हैं, जबकि रविवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटे में 11,502 नए मामले सामने आए और 325 लोगों ने दम तोड़ा। देश में मृतकों की कुल संख्या 9,502 हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में उपचार के बाद 7419 लोग ठीक हो गए जिससे अब तक स्वस्थ होने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 1,69,797 हो गई है ।

स्वस्थ होने की दर बढ़कर 51.08 प्रतिशत हो गई है यानी आधे से अधिक संक्रमण के मामलों में मरीज स्वस्थ हो गए हैं । मंत्रालय ने कहा कि अभी 1,53,106 मरीज उपचाराधीन हैं।

हालांकि, देश के अलग-अलग राज्यों/केन्द्रशासित प्रदेशों की ओर से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित पीटीआई- की रात 9:45 बजे की तालिका के मुताबिक, देशभर में अब तक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 9,733 तक पहुंच गई है जबकि संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3.33 लाख के करीब पहुंच चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2020 11:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).