एजेंसी न्यूज

मध्यप्रदेश: पटरी पर लौट रहा है इंदौर, 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खुलेंगे सरकारी दफ्तर

देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में प्रशासन ने छूट का दायरा बढ़ाते हुए 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ सरकारी दफ्तर खोलने के निर्देश जारी किये हैं. नतीजतन इन दफ्तरों में पिछले तीन महीने से बुरी तरह प्रभावित हो रहा काम-काज सोमवार से पटरी पर लौटना शुरू होगा. इस महामारी की चपेट में आने के बाद दम तोड़ने वाले लोगों की तादाद बढ़कर 222 पर पहुंच गयी है.

मध्यप्रदेश: पटरी पर लौट रहा है इंदौर, 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खुलेंगे सरकारी दफ्तर
इंदौर शहर (Photo Credits: Twitter)

इंदौर/मध्य प्रदेश, 28 जून: देश में कोविड-19 (Covid-19) से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में प्रशासन ने छूट का दायरा बढ़ाते हुए 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ सरकारी दफ्तर खोलने के निर्देश जारी किये हैं. नतीजतन इन दफ्तरों में पिछले तीन महीने से बुरी तरह प्रभावित हो रहा काम-काज सोमवार से पटरी पर लौटना शुरू होगा. प्रशासन के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर जिले में केंद्र और राज्य सरकार के सभी शासकीय कार्यालयों, अर्द्ध शासकीय कार्यालयों और निगमों के कार्यालयों को मार्च के अंतिम सप्ताह में बंद कर दिया गया था.

महीने भर पहले इन दफ्तरों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ दोबारा खोलने के संबंध में निर्देश जारी किये गये थे. उन्होंने बताया कि जिले में महामारी के हालात नियंत्रण में आने के बाद प्रशासन ने अपने निर्देशों में बदलाव किया है जिससे ये कार्यालय अब कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति के साथ संचालित हो सकेंगे. अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सरकारी कर्मचारियों को दफ्तरों में कोविड-19 से बचाव के लिये जारी तमाम दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये हैं.

यह भी पढ़ें: ओडिशा: 26 दिसंबर को सूर्य ग्रहण के कारण बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल-कॉलेजों की भी छुट्टी

इस बीच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में इस महामारी के 40 नये मामले मिले हैं. इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,575 से बढ़कर 4,615 हो गयी है. सीएमएचओ ने यह भी बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित 75 वर्षीय महिला समेत चार और मरीजों की अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत हो गयी.

इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आने के बाद दम तोड़ने वाले लोगों की तादाद बढ़कर 222 पर पहुंच गयी है. उन्होंने बताया कि जिले में 3,415 लोग इलाज के बाद इस महामारी के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं. जिले में कोविड-19 के प्रकोप की शुरूआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2020 12:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).