एजेंसी न्यूज

कोविड-19 : भारत ने 23 टन दवाइयां नेपाल को भेजीं

प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने ‘उदारतापूर्वक मदद’ के लिये अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।

कोविड-19 : भारत ने 23 टन दवाइयां नेपाल को भेजीं

काठमांडू, 22 अप्रैल वैश्विक कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग में मदद के लिए भारत ने 23 टन आवश्यक दवाइयों की खेप नेपाल भेजी है। देश में अब तक 45 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने ‘उदारतापूर्वक मदद’ के लिये अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।

ओली ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ कोरोना वायरस से लड़ाई में मदद के लिए नेपाल को 23 टन दवाइयां मुहैया कराने के लिए मैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का शुक्रिया अदा करता हूं। ये दवाइयां स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री को भारत के राजदूत ने सौंपी।’’

भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री भानुभक्त ढाकल को यह खेप सौंपी।

दूतावास ने बताया है कि इसमें 8.25 लाख आवश्यक दवाइयां हैं, 3.2 लाख पैरासिटामोल और 2.5 लाख हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन है।

इस बीच, देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि नेपाल में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 45 तक पहुंच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2020 09:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).