कोविड-19 प्रभाव: सिर्फ ऑनलाइन प्रसारण वाली फिल्मों को ही 93वें ऑस्कर समारोह में जगह मिलेगी

लॉस एंजिलिस, 29 अप्रैल अकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (ऑस्कर) ने कोरोना वायरस महामारी की वजह से घोषणा की है कि आने वाले ऑस्कर में सिर्फ ऑनलाइन प्रसारण वाली फिल्मों को ही जगह मिलेगी।

सालाना पुरस्कार समारोह आयोजित करने वाले आयोजकों ने मंगलवार को घोषणा की कि कोविड-19 महामारी ने अकेडमी को ‘अस्थायी अपवाद’ के लिए मजबूर किया है क्योंकि इसकी वजह से सिनेमाघरों में ताले लगे हैं।

इससे पहले अकेडमी उन्हीं फिल्मों को अपनी सूची में शामिल करती थी जो कि लॉस एंजिलिस काउंटी के कारोबारी मोशन पिक्चर सिनेमाघर में कम से कम लगातार सात दिन दिखाई जाती थी। इस अवधि के दौरान फिल्म को रोजाना कम से कम तीन बार दिखाया जाना जरूरी था।

अकेडमी के अध्यक्ष डेविड रूबीन और कार्यकारी अध्यक्ष डॉन हडसन ने एक बयान में कहा कि अकेडमी का स्पष्ट तौर पर मानना है कि फिल्मों के जादू का अनुभव करने के लिए सिनेमाघर में बड़े पर्दे से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता है और यह प्रतिबद्धता बरकरार है लेकिन ऐतिहासिक तौर पर कोविड-19 ने अपवाद की जरूरत पैदा कर दी है।

अकेडमी ने कहा कि जब सरकारी दिशा निर्देश के अनुसार सिनेमाघर खोले जाएंगे तो एक तारीख तय की जाएगी और उसके बाद यह नियम लागू नहीं होगा।

अकेडमी ने कहा कि जब सरकारी दिशा निर्देश के अनुसार सिनेमाघर खोले जाएंगे तो एक तारीख तय की जाएगी और उसके बाद यह नियम लागू नहीं होगा। अगले साल ऑस्कर समारोह 28 फरवरी को आयोजित होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)