देश की खबरें | कोविड-19: देश में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार पांचवें दिन नए मरीजों से ज्यादा रही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में लगातार पांचवें दिन कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले से ज्यादा संख्या संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की रही।
नयी दिल्ली, 23 सितंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में लगातार पांचवें दिन कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले से ज्यादा संख्या संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की रही।
स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर अब 45,87,613 हो गई है। देश में स्वस्थ होने की दर 81.25 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 83,347 नए मामले आए हैं जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 89,746 है।
मंत्रालय ने बताया कि केंद्रित रणनीतियों, समन्वित और सजग कदमों की वजह से देश में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है।
मंत्रालय ने बताया, '' भारत में संक्रमण के नए मामलों की अपेक्षा स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार पांचवें दिन ज्यादा रही। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। यह वैश्विक स्वस्थ होने की दर का 19.5 फीसदी है।''
यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश: दमोह में पत्नी के ससुराल न जाने पर ससुर और साली की हत्या, आरोपी गिरफ्तार.
देश में 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए मामलों से ज्यादा स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या है। देश में 75 फीसदी संक्रमण मुक्त हुए लोग 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल और हरियाणा शामिल हैं।
मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 20,000 से ज्यादा नए मरीज स्वस्थ हुए हैं और आंध्र प्रदेश में 10,000 से ज्यादा मरीज एक दिन में स्वस्थ हुए हैं। बुधवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामले 56,46,010 तक पहुंच गये और मृतकों की संख्या बढ़कर 90,020 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 1,085 लोगों की मौत हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)