नयी दिल्ली, एक मई हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को दिल्ली- गुरुग्राम की सीमा बंद कर दी और राष्ट्रीय राजधानी की तरफ से आने वाले लोगों और वाहनों को लौट जाने के लिए कहा गया।
हालांकि हरियाणा सरकार ने कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को गुरुग्राम आने की अनुमति है लेकिन इसके बावजूद भी कई लोगों का दावा है कि उनके पास जरूरी अनुमति होने के बाद भी पुलिस ने उन्हें सीमा पार करने की मंजूरी नहीं दी।
दिल्ली के रजोकरी में रहने वाले राहुल सिंह ने कहा, ‘‘ मैं गुरुग्राम के इफ्को चौक के एक अस्पताल में नर्स हूं लेकिन वह मुझे गुरुग्राम की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। इससे पहले पुलिस मेरा पहचान पत्र देखकर जाने की अनुमति देती थी लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर रहे हैं।’’
सिंह को सेहरौल के निकट दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर रोका गया।
वहीं दिल्ली से गुरुग्राम नियमित तौर पर जाने वाले एक हार्डवेयर इंजीनियर दीपक कुमार ने कहा कि पास के बावजूद पुलिस ने उन्हें आवाजाही की अनुमति नहीं दी है। वह इंटरनेट सेवा से जुड़े काम में हैं।
वहीं सीमा पर मौजूद हरियाणा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन और अन्य लोगों का प्रवेश बिना उचित पास के शुक्रवार सुबह 10 बजे से लेकर अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह उपायुक्त के आदेश का पालन कर रहे हैं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही आवाजाही की अनुमति दे रहे हैं।
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कुछ दिन पहले दिल्ली से लगी सीमाओं को बंद करने और राष्ट्रीय राजधानी की तरफ से आने वाले लोगों पर कड़े प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। हालांकि उन्होंने कहा था कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को आवाजाही की अनुमति होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY