देश की खबरें | कोविड-19 : सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच 169 दिन बाद बहाल हुई दिल्ली मेट्रो सेवा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोविड-19 महामारी के कारण पांच महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को ‘येलो लाइन’ पर अपनी सीमित सेवाएं बहाल कीं। इस दौरान डीएमआरसी और यात्री भरपूर सतर्कता बरतते नजर आए।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, सात सितंबर कोविड-19 महामारी के कारण पांच महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को ‘येलो लाइन’ पर अपनी सीमित सेवाएं बहाल कीं। इस दौरान डीएमआरसी और यात्री भरपूर सतर्कता बरतते नजर आए।

‘येलो लाइन’ दिल्ली के समयपुर बादली को गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है।

यह भी पढ़े | Rajasthan Panchayat Election 2020: राजस्थान में 27 जिलों में 3848 पदों के लिए 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चार चरणों में डाले जाएंगे वोट, आचार संहिता लागू.

अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में मेट्रो सुबह के वक्त चार घंटे, 7 बजे से 11 बजे तक और शाम को चार घंटे, 4 से 8 बजे तक चलेगी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक बयान में बताया कि सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रथम चरण में ट्रेन परिचालन सुगम रहा और लगभग 7,500 यात्रियों ने सेवा का लाभ उठाया।

यह भी पढ़े | Odisha: ओडिशा में सुबह 10:30 बजे से रात के 10:30 बजे तक खुली रहेंगी शराब की दुकानें, कंटेनमेंट जोन कोई बदलाव नहीं.

इसने कहा कि शाम को दूसरे चरण में चार बजे से रात आठ बजे तक परिचालन को सुगम रखने के लिए सभी कदम उठाए जाएंगे।

डीएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा और दो गज की दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करते हुए सेवाएं सुबह सात बजे बहाल की गईं। पहली ट्रेन समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर के लिए और हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली के लिए रवाना हुईं।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने हुडा सिटी सेंटर से रवाना हो रही पहली ट्रेन का वीडियो ट्विटर पर साझा किया और लिखा, ‘‘हम आ रहे हैं। हम 169 दिन से आपसे नहीं मिले। यात्रा जिम्मेदारी के साथ और अत्यावश्यक होने पर ही करें। मेट्रो वापस पटरी पर आ गई है।’’

अधिकारी ने बताया कि ‘येलो लाइन’ के किसी भी स्टेशन के निषिद्ध क्षेत्र में नहीं होने की वजह से कोई भी स्टेशन बंद नहीं है।

दिन की शुरुआत में ‘येलो लाइन’ पर कश्मीरी गेट और हौज खास जैसे स्टेशनों पर यात्री मास्क पहने नजर आए।

डीएमआरसी ने एक अन्य ट्वीट में कुछ यात्रियों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘पांच महीने से अधिक समय बाद पहली यात्रा कर रहे लोगों के खुशहाल चेहरे।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मेट्रो सेवाएं बहाल होने पर खुशी जाहिर की।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुझे ख़ुशी है कि आज से मेट्रो शुरू हो रही है। मेट्रो ने अच्छे इंतज़ाम किए हैं। हम सबको भी सावधानी बरतनी चाहिए, कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए।’’

यात्रियों को तापमान की जांच और हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही स्टेशन परिसर में जाने दिया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो के कर्मचारी और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान भी ‘फेस शील्ड’, मास्क और दस्ताने पहने दिखे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही देश में चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं बहाल करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने कहा था कि वह सात से 12 सितंबर के बीच तीन चरणों में सेवाएं बहाल करेगा।

डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि इसके तहत, ‘येलो लाइन’ या ‘लाइन 2’ और ‘रैपिड मेट्रो’ की सेवाएं कुछ सीमित घंटों के लिए बहाल की गई हैं।

कोविड-19 महामारी के कारण एनसीआर में मेट्रो सेवाएं 22 मार्च से बंद थीं। डीएमआरसी ने लोगों से अत्यावश्यक होने पर ही मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।

डीएमआरसी ने यात्रियों से ‘आरोग्य सेतु’ ऐप का इस्तेमाल करने को भी कहा है।

दिल्ली में मेट्रो सेवाएं ऐसे समय में बहाल की गई हैं, जब यहां एक दिन पहले कोविड-19 के 3,256 नए मामले सामने आए थे। कोरोना वायरस के यहां कुल 1.91 लाख मामले सामने आ चुके हैं।

दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों के बीच शारीरिक संपर्क कम से कम सुनिश्चित करने के वास्ते कई कदम उठाये हैं।

मेट्रो ने इसके लिए स्वचालित थर्मल स्क्रीनिंग-सह-सैनिटाइजर डिस्पेंसर और ‘फुट पेडल संचालित लिफ्ट’ तैयार की हैं। मेट्रो कोच में बैठने और खड़े होते समय भी दूरी बनाए रखने को कहा गया है। इसके लिए एक कोच में सीटों पर और प्लेटफॉर्म पर स्टीकर लगाए गए हैं। जागरूकता फैलाने के लिए भी परिसर में पोस्टर लगाए गए हैं।

कोविड-19 सुरक्षा मानकों के अनुसार किसी भी स्टेशन पर लिफ्ट में एक बार में अधिकतम तीन यात्रियों को जाने की अनुमति होगी।

अधिकारियों ने कल बताया था कि ट्रेनों के रुकने की अवधि भी अब अधिक होगी। इसे प्रत्येक स्टेशन पर 10-15 सेकंड से बढ़ाकर 20-25 सेकंड किया जाएगा और ‘इंटरचेंज’ सुविधा की अवधि को 35-40 सेकंड से बढ़ाकर 55-60 सेकंड किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगले पांच दिन में शेष लाइनों पर भी मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी और इसके लिए सभी सुरक्षा सावधानियां बरती जाएंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\