कोविड-19: सीएपीएफ में संक्रमण के मामले बढ़े, सीआरपीएफ का दिल्ली मुख्यालय सील
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के ताजा मामलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) रैंक के एक अधिकारी के एक निजी सचिव और एक बस चालक का मामला शामिल है जो बल के मुख्यालय में कार्यरत कर्मियों को लाने ले जाने का काम करता था।
नयी दिल्ली, तीन मई पैंतालिस अर्द्धसैनिक बल कर्मी रविवार को कोविड-19 से संक्रमित पाये गए जिससे संक्रमित कर्मियों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 200 हो गई जबकि यहां स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय को दो कर्मियों के संक्रमित होने के बाद सील कर दिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के ताजा मामलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) रैंक के एक अधिकारी के एक निजी सचिव और एक बस चालक का मामला शामिल है जो बल के मुख्यालय में कार्यरत कर्मियों को लाने ले जाने का काम करता था।
देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल सीआरपीएफ की सील की गई पांच मंजिला इमारत यहां लोधी रोड पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित है। इसमें केंद्रीय नियंत्रण कक्ष, परिचालन और प्रशासनिक इकाई और महानिदेशक (डीजी) का कार्यालय आदि स्थित हैं।
सीआरपीएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सीआरपीएफ मुख्यालय से सम्बद्ध एक चालक कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है। मुख्यालय को संक्रमण मुक्त करने के लिए सील कर दिया गया है।’’
बल द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है, ‘‘चूंकि निदेशालय (मुख्यालय) में एक कोरोना वायरस संक्रमण का मामला सामने आया है, महानिदेशालय में काम करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मियों से अनुरोध है कि वे कार्यालय न आएं और तब तक घर से काम करें।’’
इसमें कहा गया कि मुख्यालय मंगलवार तक बंद रहेगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीआरपीएफ अधिकारियों ने जिला निगरानी अधिकारी को मेडिकल दिशानिर्देशों के अनुसार इमारत को समयबद्ध उचित तरीके से सील करने के लिए ‘‘आवश्यक प्रोटोकॉल शुरू करने’’ के लिए सूचित किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। सीआरपीएफ महानिदेशक ए पी माहेश्वरी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी कोविड-19 दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि दोनों संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने के लिए एक अभियान चलाया गया जिसके बाद इनके प्रत्यक्ष या परोक्ष संपर्क में आए 50 से अधिक कर्मियों को पृथक कर दिया गया।
बल में कोविड-19 के कई मामले सामने आये हैं। सीआरपीएफ की दिल्ली में स्थित 31वीं बटालियन के कम से कम 135 कर्मी संक्रमित हैं और पिछले सप्ताह कोविड-19 से संक्रमित बल के 55 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर की मृत्यु हो गई थी।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार देश में सीआरपीएफ के कम से कम 144 कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
पांच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी हैं। इनमें कर्मियों की कुल संख्या लगभग 10 लाख है।
दो अन्य अर्द्धसैनिक बलों, बीएसएफ और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में संक्रमण के मामलों में वृद्धि हुई है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल के 25 और जवान रविवार को संक्रमित पाये गए जिससे संक्रमितों की समग्र संख्या बढ़कर 42 हो गई।
सभी नए मामले बल की 126वीं बटालियन की एक इकाई से सामने आये हैं जो कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए दिल्ली पुलिस की कमान के तहत राष्ट्रीय राजधानी में जामा मस्जिद और चांदनी महल क्षेत्रों में तैनात है।
इस इकाई में अब कोरोना वायरस संक्रमण के 31 मामले हैं।
2.5 लाख कर्मियों वाला बल मुख्य रूप से पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगती सीमाओं की रक्षा का काम संभालता है। इसके अलावा यह बल देश में आंतरिक सुरक्षा के लिए भी सहयोग करता है।
अधिकारियों ने बताया कि आईटीबीपी में हाल में सेवानिवृत्त हुए 60 वर्षीय हेड कांस्टेबल की रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण से मृत्यु हो गई। वह अभी भी बल के परिसर में रह रहे थे। वहीं बल के 20 अन्य कर्मी इससे संक्रमित हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मी ने सफदरजंग अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पहले से कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। वह राष्ट्रीय राजधानी के तिगरी (खानपुर) क्षेत्र में बल के एक शिविर में रह रहे थे।
अधिकारियों ने कहा कि इसके साथ ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 21 जवान अब तक कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हालांकि, उनमें से कुछ एक यूनिट (50 वीं बटालियन) का हिस्सा हैं और कानून और व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस की सहायता कर रहे थे जबकि बाकी तिगरी कैंप से हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 11:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

