गुजरात में कोविड-19 के मामले 1000 के पार, मृतक संख्या हुई 38
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि पिछले 12 घंटे में आए नए मामलों के बाद गुजरात में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 1021 हो गई है।
अहमदाबाद, 17 अप्रैल गुजरात में कोरोना वायरस के 92 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या शुक्रवार को 1000 के पार हो गई। वहीं दो और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 38 हो गई।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि पिछले 12 घंटे में आए नए मामलों के बाद गुजरात में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 1021 हो गई है।
प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि वडोदरा एवं अहमदाबाद में पिछले 12 घंटों में दो और लोगों की मौत हुई।
उन्होंने बताया कि 31 वर्षीय पुरुष की मौत वडोदरा और 55 वर्षीय पुरुष की मौत अहमदाबाद में उपचार के दौरान हुई।
जयंती ने बताया कि पिछले 12 घंटे में कोविड-19 से संक्रमित एक अन्य व्यक्ति उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो गया और इसके साथ ही राज्य में अब तक 74 लोगों को इलाज के बाद अस्तपाल से छुट्टी दे दी गई है।
रवि ने बताया कि पिछले 12 घंटे में सामने आए 92 नए मामलों में से सर्वाधिक मामले अहमदाबाद में सामने आए हैं। अहमदाबाद में 45, सूरत में 14, वडोदरा में नौ, भरूच में आठ और नर्मदा में पांच मामले सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा बाटोद (तीन), पंचमहाल (दो) और आणंद (एक), छोटा उदयपुर (एक), दाहोद (एक), खेड़ा (एक) और महीसागर (एक) में मामले सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि 1,021 मामलों में से अहमदाबाद के 590, वडोदरा के 137, सूरत के 102, राजकोट के 28 और भावनगर के 26 मामले हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2020 01:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

