कोविड-19: कर्नाटक में एक दिन में 48 मामले सामने आए, संक्रमितों की कुल संख्या 753
रोजाना सामने आने वाले मामलों की यह सर्वाधिक संख्या है।
बेंगलुरु, आठ मई कर्नाटक में शुक्रवार को एक नवजात में संक्रमण समेत कोविड-19 के 48 मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 753 हो गई।
रोजाना सामने आने वाले मामलों की यह सर्वाधिक संख्या है।
राज्य सरकार ने संक्रमण के मामलों में वृद्धि और लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बीच कोई संबंध होने से इनकार किया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया कि कर्नाटक में अभी 346 मरीजों का इलाज किया जा रहा है जिनमें से पांच को गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है।
बुलेटिन में कहा गया, “आठ मई शाम पांच बजे तक राज्य में कोविड-19 के कुल 753 मामले सामने आए जिनमें 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 376 लोग उपचार के बाद ठीक हुए हैं।”
उपचार के बाद ठीक हुए दस लोगों को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कोविड-19 संबंधित विषयों पर नियुक्त सरकारी प्रवक्ता और मंत्री सुरेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “संक्रमण के मामलों की संख्या देखें तो यह अच्छा दिन नहीं था। आज सबसे ज्यादा मामले सामने आए।”
हालांकि संक्रमण के मामलों में वृद्धि और लॉकडाउन के बीच किसी प्रकार का संबंध होने की संभावना को खारिज करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि ताजा मामले उन स्थानों से सामने आए हैं जहां पहले से कोविड-19 के मरीज हैं।
ताजा सामने आए 48 मामलों में से 14 दावणगेरे, 12 उत्तर कन्नड़ के भटकल, 11 बेलगावी, सात बेंगलुरु शहरी, तीन चित्रदुर्ग और एक बेल्लारी का है।
संक्रमितों में 12 बच्चे शामिल हैं जिनमें पांच महीने की एक बच्ची भी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

