कोविड-19: दिल्ली की रोहिणी जेल में संक्रमित कैदी के साथ बैरक में रहे 15 कैदियों को हुआ संक्रमण
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 मई रोहिणी की जेल में 28 वर्षीय एक कैदी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद उसके साथ बैरक में रहे 15 अन्य कैदियों और एक मुख्य वार्डन में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के जेल विभाग ने उक्त कैदी के साथ बैरक में रहने वाले 19 कैदियों की जांच करवाई थी जिसके नतीजे बुधवार को आए और उनमें से 15 में संक्रमण की पुष्टि हुई।
अभी तक उन सभी कैदियों और मुख्य वार्डन में कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं।
महानिदेशक (जेल) संदीप गोयल ने कहा, “रोहिणी जेल का कैदी कुलदीप किसी अन्य बीमारी के उपचार के लिए डीडीयू अस्पताल गया था जहां उसकी जांच में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद हमने उसके बैरक में रह रहे 19 कैदियों की कोविड-19 की जांच करवाई थी।”
उन्होंने कहा कि 19 कैदियों की जांच में से 15 में संक्रमण की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि जेल के पांच कर्मचारियों की भी जांच करवाई गई थी जिसमें एक मुख्य वार्डन में कोविड-19 की पुष्टि हुई। गोयल ने कहा कि अभी तक इन सभी में कोई लक्षण नहीं दिखे हैं।
जिन कैदियों में संक्रमण पाया गया है उन्हें अन्य कैदियों से अलग पृथक-वास बैरक में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि हेड वार्डन को घर पर पृथक-वास में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि कुछ अन्य कर्मचारियों को भी घर पर पृथक-वास में भेज दिया गया है।
दिल्ली की किसी जेल में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला उक्त 28 वर्षीय कैदी का था।
रविवार को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में उसकी आंतों की सर्जरी हुई थी।
अगले दिन डॉक्टरों ने जांच के लिए उसके नमूने लिए तो उसमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई।
कैदी को बाद में लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 06:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

