एजेंसी न्यूज

कोविड-19 : कर्नाटक में मृतकों की संख्या 11 हुई, 17 नए मामले आए

स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि संक्रमण के 17 नए मामले आने के साथ ही राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़कर 277 हो गए हैं।

कोविड-19 : कर्नाटक में मृतकों की संख्या 11 हुई, 17 नए मामले आए
जमात

बेंगलुरु, 15 अप्रैल चिकबल्लापुर के 65 वर्षीय एक व्यक्ति की कोविड-19 के कारण मौत हो गई है और इसके साथ ही कर्नाटक में मरने वाले लोगों की संख्या 11 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि संक्रमण के 17 नए मामले आने के साथ ही राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़कर 277 हो गए हैं।

विभाग ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्ग मरीज को एच1एन1 संक्रमण, नींद में दिक्कत के साथ ही श्वसन संबंधी बीमारी और अनियंत्रित मधुमेह, उच्च रक्तचाप की बीमारी के साथ 13 अप्रैल को यहां कोविड-19 के इलाज के लिए निर्धारित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।

इससे पहले व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलू ने ट्वीट किया कि मृतक बुजुर्ग का शव बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल में है और विभाग केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक अंतिम संस्कार करने की तैयार कर रहा है।

विभाग के अनुसार, राज्य में गत शाम से लेकर आज दोपहर तक संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं।

उसने बताया, ‘‘अभी तक कोविड-19 के 277 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें 11 लोगों की मौत हो गई और 75 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।’’

इन 17 नए मामलों में मैसुरु के नंजानागुडु में एक दवा कंपनी के नौ कर्मचारी और बगलकोट जिले में मुधोल के मदरसा में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी शामिल हैं।

वहीं, चार लोग (विजयपुरा के दो और बगलकोट तथा बेंगलुरु का एक-एक व्यक्ति) पहले संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए थे, दो लोगों को (एक मैसुरु का और एक अनंतपुर का) गंभीर श्वास संक्रमण की शिकायत थी और कलबुर्गी के एक व्यक्ति को इनफ्लुएंजा जैसी बीमारी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2020 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).