देश की खबरें | कोविड-19 महामारी के कारण कोरिया ओपन और मकाऊ ओपन रद्द
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरिया ओपन और मकाऊ ओपन को बुधवार को रद्द कर दिया।
नयी दिल्ली, 11 अगस्त बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरिया ओपन और मकाऊ ओपन को बुधवार को रद्द कर दिया।
बैडमिंटन की वैश्विक संचालन संस्था बीडब्ल्यूएफ ने चीन में होने वाली विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप को भी स्थगित कर दिया है।
सुपर 500 प्रतियोगिता कोरिया ओपन (31 अगस्त से पांच सितंबर) के साथ बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर बहाल होना था जिसे मार्च में आल इंग्लैंड चैंपियनशिप के बाद निलंबित कर दिया गया था।
दूसरी तरफ मकाऊ ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट का आयोजन दो से सात नवंबर तक होना था।
बीडब्ल्यूएफ ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कोरिया मास्टर्स 2021 जिसे पहले स्थगित टूर्नामेंटों की सूची में डाला गया था, उसे अब रद्द कर दिया गया है। मौजूदा कोविड-19 पाबंदियों और जटिलताओं के कारण स्थानीय आयोजकों के सामने टूर्नामेंट रद्द करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था।’’
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘बीडब्ल्यूएफ 2021 के बाकी टूर्नामेंटों का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन को लेकर अब भी प्रतिबद्ध है जिससे खिलाड़ियों को आगामी महीने में सुरक्षित माहौल में महत्वपूर्ण विश्व रैंकिंग अंक और इनामी राशि जीतने का मौका मिलेगा।’’
बीडब्ल्यूएफ ने साथ ही जर्मनी के सारब्रुकेन में होने वाले सारलोरलक्स ओपन (दो से सात नवंबर) का दर्जा बढ़ाकर इसे विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट करने और इसका नाम हाइलो ओपन 2021 करने का फैसला किया।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि पहले स्थगित किए जा चुके मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट और मलेशिया ओपन सुपर 750 के आयोजन को लेकर फैसला बाद में किया जाएगा।
इससे पहले वैश्विक स्वास्थ्य संकट के कारण चीन ओपन (21-26 सितंबर), जापान ओपन (28 सितंबर से तीन अक्तूबर), फुझोऊ चीन ओपन (नौ से 14 नवंबर) और हांगकांग ओपन (16-21 नवंबर) जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों को रद्द किया जा चुका है।
जूनियर सर्किट में बीडब्ल्यूएफ ने विश्व जूनियर चैंपियनशिप को स्थगित कर दिया है जिसकी मेजबानी चीन को चार से 17 अक्तूबर तक करनी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2021 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

