एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रणजी ट्रॉफी में कोहली की वापसी : बढेगी निजी सुरक्षाकर्मियों की संख्या, दर्शकों के लिए तीन स्टैंड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेरह साल बाद रणजी ट्रॉफी मैच खेलने जा रहे विराट कोहली के मंगलवार से दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम के साथ अभ्यास करने की उम्मीद है और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी कर रहा है।

देश की खबरें | रणजी ट्रॉफी में कोहली की वापसी : बढेगी निजी सुरक्षाकर्मियों की संख्या, दर्शकों के लिए तीन स्टैंड

नयी दिल्ली, 27 जनवरी तेरह साल बाद रणजी ट्रॉफी मैच खेलने जा रहे विराट कोहली के मंगलवार से दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम के साथ अभ्यास करने की उम्मीद है और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी कर रहा है।

  कोहली को सोमवार को आधिकारिक तौर पर 30 जनवरी से अरुण जेटली स्टेडियम में रेलवे के खिलाफ होने वाले अंतिम ग्रुप मैच के लिए आयुष बडोनी के नेतृत्व वाली दिल्ली टीम में नामित किया गया था। गाजियाबाद के मोहन नगर में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 2012 में खेलने के बाद से यह कोहली का पहला रणजी मैच होगा।

उस समय कोहली भारत क्रिकेट के उभरते हुए सितारे थे लेकिन अब वह इस खेल के सबसे बड़े मौजूदा दिग्गजों में शामिल है। भारत के इस पूर्व कप्तान के नाम अब 80 अंतरराष्ट्रीय शतक है।

डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा ने कहा, ‘‘ हमारे जूनियर खिलाड़ियों के लिए जाहिर तौर पर यह बहुत अच्छा अनुभव होगा क्योंकि उन्हें विराट के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। आप हमारी टीम पर नजर डालें तो केवल नवदीप सैनी ही भारत के लिए और आईपीएल में विराट के साथ खेले हैं। इस टीम के किसी भी अन्य खिलाड़ी को रणजी ट्रॉफी में विराट के साथ खेलने का अनुभव नहीं है।  युवा खिलाड़ी उन्हें देखकर वे बहुत कुछ सीख सकते हैं।’’

मैच की व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि विराट की उपस्थिति से मैच का महत्व काफी बढ़ जायेगा। किसी नियमित रणजी मैच के लिए हमारे पास 10 से 12 निजी सुरक्षाकर्मी होते हैं, लेकिन हम निश्चित रूप से सुरक्षा बढ़ाएंगे ताकि विराट के लिए अभ्यास करने में किसी तरह का व्यवधान ना आये।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिल्ली पुलिस को भी मैच के बारे में सूचित कर दिया है।’’

 रणजी मैच दर्शकों के लिए निःशुल्क हैं। दर्शकों के लिए आम तौर पर एक स्टैंड खोला जाता है लेकिन इस मैच के लिए डीडीसीए अंबेडकर स्टेडियम छोर पर पर तीन स्टैंड खोलेगा।

उन्होंने कहा , ‘‘ दर्शक गेट नंबर सात, 15 और 16  से स्टेडियम आ सकेंगे। हम पीने के पानी की व्यवस्था करेंगे, और शौचालय साफ और स्वच्छ होंगे। दर्शक यहां आकर मैच का लुत्फ उठा सकते हैं। दर्शकों को हालांकि सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।’’

दिल्ली टीम:

आयुष बदोनी (कप्तान), विराट कोहली, प्रणव राजवंशी (विकेटकीपर), सनत सांगवान, अर्पित राणा, मयंक गुसाई, शिवम शर्मा, सुमित माथुर, वंश बेदी (विकेटकीपर), मनी ग्रेवाल, हर्ष त्यागी, सिद्धांत शर्मा, नवदीप सैनी, यश ढुल , गगन वत्स, जोंटी सिद्धू, हिम्मत सिंह, वैभव कांडपाल, राहुल गहलोत, जितेश सिंह।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2025 07:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).