देश की खबरें | कोहली अब भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं: क्रिस गेल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वेस्टइंडीज के पूर्व धुरंधर बल्लेबाज क्रिस गेल का मानना है कि विराट कोहली भले ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हों लेकिन वह अब भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी वेस्टइंडीज के पूर्व धुरंधर बल्लेबाज क्रिस गेल का मानना है कि विराट कोहली भले ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हों लेकिन वह अब भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।
कोहली पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इस 36 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को कटक में खेले गए दूसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में केवल पांच रन बनाए ।
लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोहली के साथ खेल चुके गेल भारतीय बल्लेबाज की खराब फॉर्म से परेशान नहीं हैं।
गेल ने मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘फॉर्म कैसी भी हो वह अब भी दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है। विराट कोहली अब भी दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज है। आंकड़े इस बात का सबूत हैं। हम सभी जानते हैं कि उन्होंने सभी तरह के प्रारूप में कितने शतक लगाए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी क्रिकेटर इस तरह के दौर से गुजरते रहते हैं। मैं जानता हूं कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं लेकिन ऐसा होता रहता है। उन्हें खुद पर भरोसा रखकर वापसी करनी होगी।’’
गेल से पूछा गया कि क्या कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में उनके सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे, उन्होंने कहा, ‘‘यह उसके लिए बेहद आसान काम है क्योंकि वह इससे लगभग 200 रन दूर है। मुझे नहीं पता कि वह कितने मैच खेलेंगे लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वह 200 से अधिक रन बनाएगा। मुझे पूरा यकीन है कि वह शतक लगाएगा। ’’
रोहित शर्मा ने वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने का गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने भारतीय कप्तान को शहर का नया बादशाह करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘रोहित को बधाई। खेल को मनोरंजन करने वाला हमेशा नया खिलाड़ी चाहिए। रोहित पिछले कई वर्षों से क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन कर रहा है। उसके साथ मैंने भी ऐसा किया। रोहित अभी शहर का नया बादशाह है और उम्मीद है कि वह और छक्के लगाएगा।’’
गेल ने इस पर निराशा जताई कि वेस्ट इंडीज की टीम चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेल रही है।
उन्होंने कहा,‘‘यह निराशा जनक है कि वेस्टइंडीज की टीम चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेल रही है लेकिन इस टूर्नामेंट की वापसी हुई है जो अच्छी बात है।’’
इस विस्फोटक बल्लेबाज ने इसके साथ ही कहा कि 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सेमी फाइनल में जगह बना सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2025 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

