खेल की खबरें | केआईवाईजी: केरल की अनुप्रिया, मध्यप्रदेश के विकास बिंद ने एथलेटिक्स में नये रिकॉर्ड बनाये

चेन्नई, 23 जनवरी केरल की अनुप्रिया वी.एस. और मध्य प्रदेश के विकास बिंद ने मंगलवार को यहां खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी) में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के पहले दिन क्रमशः लड़कियों की गोला फेंक और लड़कों की 3000 मीटर दौड़ में नए रिकॉर्ड बनाए।

 अनुप्रिया ने 17.22 मीटर की दूरी तक गोला फेंक कर विधि द्वारा पिछले साल बनाए गए रिकॉर्ड में सुधार करते हुए केरल को इन खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

पंजाब की गुरलीन कौर ने 16.38 मीटर के साथ रजत और हरियाणा की तमन्ना ने 16.35 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। बिंद ने 3000 मीटर दौड़ को आठ मिनट 29.16 सेकेंड के समय के साथ पूरा किया। इस स्पर्धा में तीनों पदक विजेताओं ने तीन साल पहले गुवाहाटी में अर्जुन वास्कले के आठ मिनट 31.97 सेकेंड के पिछले मीट रिकॉर्ड में सुधार किया।

हरियाणा के बलजीत टी (आठ मिनट 30.02 सेकेंड) और उत्तराखंड के प्रभु महतो (आठ मिनट 31.53 सेकेंड) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और महाराष्ट्र ने एथलेटिक्स में दिन के 11 पदक स्पर्धाओं में से दो-दो स्वर्ण पदक जीते।

संयुक्ता काले ने लयबद्ध जिमनास्टिक में दो स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र का दबदबा कायम किया। उन्होंने पांच स्वर्धाओं में से तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।

गत चैंपियन महाराष्ट्र पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)