बहराइच (उत्तर प्रदेश), दो मई बहराइच जिले में लोगों को कोरोना वायरस से निपटने के लिए जागरुक करने के उद्देश्य से पुलिस अनेक प्रयोग कर रही है जिसमें ‘यमराज’ के भेष में संक्रमण से लड़ने की प्रेरणा देने के साथ ही चौदह साल के किशोर द्वारा पुलिस टीम के साथ लोगों को लॉकडाउन नहीं तोड़ने की नसीहत देना शामिल है।
शहर में 14 वर्षीय बालक चौकी प्रभारी के रूप में पुलिसकर्मियों के साथ हाथ में डंडा लिए लोगों को समझा रहा है,, ‘‘लॉकडाउन मत तोड़ना, गैर-जरूरी वजह से घर से नहीं निकलना। अंगौछा, रूमाल या मास्क से चेहरा ढककर रखना। साबुन से बार-बार हाथ धोना या सैनेटाइजर लगाना।’’
वह अपने अंदाज में कहता है, ‘‘याद रखना नियमों का पालन करना है, उल्लंघन होगा तो चौकी इंचार्ज मैं हूँ। तुरंत मुकदमा लिख दूंगा। जेल भी जा सकते हो।"
बहराइच के पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्र बताते हैं कि ‘‘आजकल कम्युनिटी पुलिसिंग का युग है। मुझे कम्युनिटी पुलिसिंग में विश्वास भी है जिसके चलते मैं अपनी टीम को इस तरह के प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करता रहता हूँ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसी क्रम में गत 12 अप्रैल को बौंडी थाना क्षेत्र में यमराज के भेष में लोगों को कोरोना वायरस से लड़ने की प्रेरणा दी गयी थी। वहां यमराज के पात्र ने स्वयं को कोरोना वायरस का रूप बताकर लोगों को इस महामारी से सावधान रहने की सलाह दी थी।"
एसपी ने कहा, ‘‘हम आगे भी इसी तरह की मॉडरेट पुलिसिंग को बढ़ावा देकर पुलिस को जनता की दोस्त की तरह पेश करना चाहते हैं।’’
भारत-नेपाल सीमा व कतर्नियाघाट सेंचुरी के जंगलों से सटे मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिहींपुरवा कस्बे के 14 साल के सौम्य अग्रवाल की नेतृत्व क्षमता से प्रभावित होकर पुलिस ने एक और अभिनव प्रयोग किया।
थाना प्रभारी जे पी शुक्ला को जब इस बात का पता लगा तो उन्होंने सौम्य के माध्यम से अनोखा प्रयोग करने की योजना बनाई और जनता के बीच जाकर उसे मिहींपुरवा का ‘चौकी प्रभारी’ घोषित किया और चौकी प्रभारी अजय तिवारी की बजाय सौम्य के साथ पुलिस टीम को भेजा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)











QuickLY