देश की खबरें | किशन और अय्यर बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से बाहर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को रणजी ट्रॉफी में खेलने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों का पालन नहीं करने के बाद बुधवार को बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया।
नयी दिल्ली, 28 फरवरी ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को रणजी ट्रॉफी में खेलने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों का पालन नहीं करने के बाद बुधवार को बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को बीसीसीआई अनुबंध के शीर्ष वर्ग (ए प्लस) में रखा गया है।
छह क्रिकेटरों को ए वर्ग में रखा गया है जिनमें रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या शामिल हैं।
सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और यशस्वी जायसवाल को बी वर्ग में रखा गया है।
बीसीसीआई ने 15 खिलाड़ियों को सी वर्ग में रखा है जिनमें रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, केएस भरत, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और रजत पाटीदार शामिल हैं।
बीसीसीआई ने बयान में कहा,‘‘कृपया ध्यान दें कि वार्षिक अनुबंध के लिए श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के नाम पर विचार नहीं किया गया।’’
चयन समिति ने तेज गेंदबाजों आकाश दीप, विजयकुमार विशाक, उमरान मलिक, यश दयाल और विदवथ कावेरप्पा के लिए भी अनुबंध की सिफारिश की है।
बयान में कहा गया है,‘‘बीसीसीआई ने सिफारिश की है कि सभी खिलाड़ी जब राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हों तो तब वे घरेलू क्रिकेट में खेलने को प्राथमिकता दें।’’
बीसीसीआई ने इसके साथ ही मानदंडों से हटकर इस बार चारों वर्गों में शामिल खिलाड़ियों को वार्षिक अनुबंध के लिए मिलने वाली धनराशि का उल्लेख नहीं किया है।
आमतौर पर ए प्लस वर्ग में शामिल खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 7 करोड़, ए वर्ग के खिलाड़ियों को 5 करोड़, बी वर्ग के खिलाड़ियों को तीन करोड़ और सी वर्ग के खिलाड़ियों को एक करोड रुपए की धनराशि दी जाती है। यह धनराशि उनकी मैच फीस से इतर होती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2024 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

