नयी दिल्ली, 17 जुलाई संसद के मानसून सत्र से पहले पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने सदन की कार्यवाही को 'बाधित' करते रहने के लिए सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरूर से 'अपने युवराज (राहुल गांधी) को यह बताने' के लिए कहा है कि संसद 'वंशवाद का व्यक्तिगत खेल मैदान' नहीं है।
रीजीजू ने दावा किया कि संसद में विपक्षी कांग्रेस का एकमात्र काम दोनों सदनों के कामकाज में बाधा डालना है।
रीजीजू ने कहा, ''जब हमारा संसद सत्र शुरू होता है, कांग्रेस के सांसद आसन के समक्ष हंगामा करने के लिए आ जाते हैं।''
केंद्रीय मंत्री ने यह बयान अप्रैल में एक अखबार में छपे थरूर के एक लेख के संदर्भ में दिया, जिसमें कहा गया था कि संसद में बजट सत्र के दूसरे भाग में लोकसभा में लगातार हंगामा हुआ था।
तिरुवनंतपुरम के सांसद ने लेख में दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी संसद को 'आवश्यक उपद्रव' का स्थान मानती है और वह लगभग पूरे विपक्ष को सदन से निलंबित कर सत्रों में विधेयक पारित करने के ''गुजरात मॉडल'' को लागू करना चाहती है।
उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को संदर्भित करते हुए कहा, "वैसे सांसद, जो शशि थरूर की तरह बोल सकते हैं, उन्हें अपने युवराज को बताना चाहिए कि संसद बहस और चर्चा के लिए है, न कि किसी वंशवाद का निजी खेल का मैदान।"
राहुल गांधी को 24 मार्च को संसद की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उन्हें गुजरात की एक अदालत ने मोदी उपनाम वाली टिप्पणी के लिए आपराधिक मानहानि के आरोप में दोषी ठहराते हुए दो वर्ष की सजा सुनाई थी।
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है और यह 11 अगस्त तक चलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY