देश की खबरें | भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी, हरियाण के तीन ‘लालों’ के वारिस अब सत्तारूढ़ दल के खेमे में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाने के साथ ही प्रदेश के तीन प्रसिद्ध 'लालों’ के कई रिश्तेदार अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।
चंडीगढ़, 19 जून हरियाणा में किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाने के साथ ही प्रदेश के तीन प्रसिद्ध 'लालों’ के कई रिश्तेदार अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।
किरण चौधरी हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधू हैं और भिवानी जिले के तोशाम से मौजूदा विधायक थी । पूर्व सांसद श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष थीं।
मंगलवार को कांग्रेस की प्राथमिकी सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद दोनों नेता बुधवार को राजधानी दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गईं।
हरियाणा 1966 में एक अलग राज्य के तौर पर अस्तितव में आया और अलग प्रदेश बनने के तीन दशक तक इसकी राजनीति तीन प्रसिद्ध 'लालों' - देवी लाल, भजन लाल और बंसी लाल- के इर्द-गिर्द घूमती रही है।
पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल के बेटे रणजीत सिंह चौटाला इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं। वह लगभग तीन महीने पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे।
रणजीत सिंह चौटाला (78) ने मार्च में सिरसा जिले के रानिया विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे।
भाजपा ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में उन्हें हिसार सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, वह कांग्रेस उम्मीदवार से चुनाव हार गए थे।
करीब दो साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। कुलदीप के बेटे भव्य भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और फिलहाल हिसार जिले के आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
किरण चौधरी और श्रुति चौधरी के भाजपा में शामिल होने से कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संवाददाताओं से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल ने हरियाणा को विकास के पथ पर आगे ले जाने का काम किया है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सैनी ने कहा, "ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने ऐसे परिवार (बंसी लाल) को दरकिनार कर दिया। कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की तरह ही हरियाणा में भी सिर्फ एक ही परिवार मायने रखता है और उसी की चलती है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "भूपेन्द्र सिंह हुड्डा अन्य नेताओं की बलि देकर अपने बेटे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।"
किरण चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की राज्य इकाई को 'निजी जागीर' के रुप में चलाया जा रहा है। उनका इशारा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की ओर था।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बंसीलाल की प्रशंसा करते हुए कहा था, "वह (लाल) भिवानी-महेंद्रगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध थे।"
मोदी ने उस वक्त को याद किया जब 1990 में भाजपा और बंसी लाल की हरियाणा विकास पार्टी गठबंधन में थी। प्रधानमंत्री ने तब कहा था, "बंसीलाल जी मुझसे बहुत प्यार करते थे...।"
मोदी ने उस समय भिवानी-महेंद्रगढ़ से फिर से चुनाव लड़ रहे भाजपा के धर्मबीर सिंह के लिए प्रचार करते हुए कहा था, "चौधरी बंसी लाल के साथ मेरे बहुत करीबी संबंध थे। वह अक्सर देर रात तक जगा करते थे। कभी-कभी हमारी बैठकें रात एक बजे के बाद शुरू होती थीं और सुबह तक चलती थीं। उनके पास साझा करने के लिए बहुत सारे अनुभव थे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)