जरुरी जानकारी | बीते साल किआ इंडिया की कुल बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 2,27,844 इकाई पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सेमीकंडक्टर की किल्लत के बावजूद वाहन कंपनी किआ इंडिया की कुल बिक्री बीते साल यानी 2021 में 28 प्रतिशत बढ़कर 2,27,844 इकाई पर पहुंच गई।
नयी दिल्ली, तीन जनवरी सेमीकंडक्टर की किल्लत के बावजूद वाहन कंपनी किआ इंडिया की कुल बिक्री बीते साल यानी 2021 में 28 प्रतिशत बढ़कर 2,27,844 इकाई पर पहुंच गई।
किआ इंडिया ने सोमवार को कैलेंडर वर्ष 2021 के बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि साल के दौरान उसने घरेलू बाजार में 1,81,583 वाहनों की बिक्री की। वर्ष, 2020 में उसने घरेलू बाजार में 1,40,497 वाहनों की बिक्री की थी। इस तरह उसका घरेलू बिक्री आंकड़ा 29 प्रतिशत बढ़ा है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी ताए-जिन पार्क ने कहा कि किआ इंडिया आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं और कच्चे माल की लागत से प्रभावित साल में भी मजबूती हासिल करने में सफल रही है।
पार्क ने कहा, ‘‘हमने अगस्त, 2019 में भारतीय बाजार में प्रवेश करने के बाद से 3.7 लाख से भी अधिक वाहन बेचे हैं। इसके अलावा हमने भारत में बने वाहनों का दूसरे देशों को निर्यात भी किया है।’’
किआ इंडिया ने निर्यात के आंकड़े देते हुए कहा कि वर्ष 2021 में उसने 46,261 वाहनों का निर्यात किया जो एक साल पहले की तुलना में 23 फीसदी अधिक है।
जहां तक वर्ष 2022 के कारोबारी परिदृश्य का सवाल है तो किआ इस साल अपनी विनिर्माण क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने की उम्मीद कर रही है। कंपनी इस साल की पहली तिमाही में अपना नया वाहन किआ कैरंस पेश करने की तैयारी में है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)