एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | खिदिरपुर बाजार आग: ममता ने व्यापारियों के लिए नया बाजार बनाने और वित्तीय सहायता की घोषणा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को यहां खिदिरपुर में ऑर्फनगंज रोड पर आग से तबाह बाजार का दौरा किया और एक व्यापक पुनर्वास योजना की घोषणा की, जिसमें एक नए बाजार का निर्माण, प्रभावित व्यापारियों के लिए वित्तीय सहायता और व्यापार की निरंतरता बनाए रखने के लिए अस्थायी पुनर्वास व्यवस्था शामिल है।

देश की खबरें | खिदिरपुर बाजार आग: ममता ने व्यापारियों के लिए नया बाजार बनाने और वित्तीय सहायता की घोषणा की

कोलकाता, 16 जून पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को यहां खिदिरपुर में ऑर्फनगंज रोड पर आग से तबाह बाजार का दौरा किया और एक व्यापक पुनर्वास योजना की घोषणा की, जिसमें एक नए बाजार का निर्माण, प्रभावित व्यापारियों के लिए वित्तीय सहायता और व्यापार की निरंतरता बनाए रखने के लिए अस्थायी पुनर्वास व्यवस्था शामिल है।

बनर्जी ने कहा कि लगभग 150 साल पुराने बाजार में रविवार देर रात लगी आग से हुए नुकसान की विस्तृत जांच और आकलन किया जाएगा।

उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा, "मैंने महापौर से बात की है और प्रभावित स्थल पर आधुनिक, वैज्ञानिक और सुरक्षित डिजाइन के साथ एक नया बाजार बनाया जाएगा, जिसमें उचित अग्नि प्रबंधन प्रणाली भी होगी। आपको कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। सरकार इस बाजार का निर्माण करेगी, ताकि भविष्य में आपको समस्याओं का सामना न करना पड़े।"

आग पर काबू पाए जाने के कुछ घंटों बाद मुख्यमंत्री ने आग से तबाह हुए स्थल का दौरा किया। उन्होंने नुकसान के आधार पर दुकान मालिकों को वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा, "जिन व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गईं, उन्हें पुनर्निर्माण और सामग्री की लागत के रूप में एक लाख रुपये दिए जाएंगे। जिन लोगों को आंशिक नुकसान हुआ है, उन्हें 50,000 रुपये की सहायता मिलेगी। ये राशि स्थानांतरण के बाद ही वितरित की जाएगी।"

प्रभावित व्यापारियों को अपना कारोबार जारी रखने में मदद करने के लिए बनर्जी ने कहा कि नया ढांचा बनने तक बाजार को अस्थायी रूप से निकटवर्ती स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, "हम पार्षद और महापौर के परामर्श से स्थानांतरण स्थल को अंतिम रूप दे रहे हैं। एक स्थान की पहचान पहले ही कर ली गई है। आपका बाजार अस्थायी रूप से वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा, ताकि आपका व्यवसाय, आजीविका और पारिवारिक जीवन बिना किसी बड़ी रुकावट के जारी रह सके।"

बनर्जी ने कहा कि लाभार्थियों की पहचान के लिए सर्वेक्षण कराया जाएगा और प्रस्तावित बाजार में किसी नए व्यक्ति को दुकानें आवंटित नहीं की जाएंगी।

दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के भीड़भाड़ वाले खिदिरपुर बाजार में रविवार देर रात आग लग गई, जिससे कई दुकानें जलकर खाक हो गईं।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि आग देर रात 2:05 बजे लगी थी, जिसपर सुबह छह बजे तक काबू पा लिया गया। आग बुझाने के लिए कम से कम 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

स्थानीय दुकानदारों ने दावा किया कि आग से 1,200 से अधिक दुकानें नष्ट हो गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).