देश की खबरें | गोवा दिवस के कांग्रेस के पोस्टर से खरगे की तस्वीर गायब, भाजपा ने पार्टी की आलोचना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा राज्य दिवस के मौके पर बनाए गए बैनर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर न होने को लेकर पार्टी की राज्य इकाई आलोचाओं का सामना कर रही है।
पणजी, दो जून गोवा राज्य दिवस के मौके पर बनाए गए बैनर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर न होने को लेकर पार्टी की राज्य इकाई आलोचाओं का सामना कर रही है।
कांग्रेस ने दावा किया कि खरगे की तस्वीर बैनर पर लगाने से "गलती से" छूट गई, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने "अपने दलित अध्यक्ष का अपमान किया है।"
प्रदेश कांग्रेस ने 30 मई को गोवा राज्य दिवस के अवसर पर पणजी में एक बैठक आयोजित की थी। इससे पहले उसने नवेलिम (दक्षिण गोवा) में होने वाली एक जनसभा को रद्द कर दिया था, जिसमें खरगे को शामिल होना था।
कार्यक्रम के दौरान एक बैनर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं-- सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पार्टी की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पाटकर और विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ की तस्वीरें थीं, लेकिन खरगे की तस्वीर गायब थी।
गोवा प्रदेश भाजपा ने शनिवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर बैनर की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ एक संदेश लिखा गया कि कांग्रेस ने "अपने दलित अध्यक्ष का अपमान किया।"
भाजपा ने कहा, "गोवा स्थापना दिवस पर कांग्रेस के आधिकारिक बैनर में मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर जानबूझकर नहीं लगाई गई - क्या यह पार्टी के अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान है?"
संपर्क करने पर, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख पाटकर ने दावा किया कि खरगे की तस्वीर पोस्टर पर लगाने से "गलती से" छूट गई।
पाटकर ने कहा, "यह एक छोटी सी गलती है। आप इसे मुद्दा क्यों बना रहे हैं? हम भाजपा के खिलाफ और भी गंभीर मुद्दे उठा रहे हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)