देश की खबरें | हिंदू विवाह अधिनियम में बदलाव को लेकर खाप पंचायतों ने मुख्यमंत्री को भेजा सुझाव

जींद, एक जुलाई सर्वजातीय कंडेला खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सर्व खाप के राष्ट्रीय संयोजक टेकराम कंडेला ने बताया कि हिंदू विवाह अधिनियम में बदलाव को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को खाप पंचायतों ने अपने सुझाव भेजे हैं।

कंडेला के आवास पर आयोजित बैठक के बाद उन्होंने बताया कि कई सालों से उत्तर भारत की खाप पंचायतें, एक गांव में और एक गोत्र में तथा गांव की सीमा से लगते गांव में शादी करने पर रोक लगाने की मांग कर रही है।

उन्होंने कहा कि गांव और गोत्र में भाई-बहन का रिश्ता होता है, कानून इसे मान्यता देता है, लेकिन समाज इसे मान्यता नहीं देता, इस तरह के मामलों से भाईचारा खराब होता है।

उन्होंने कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम में बदलाव किया जाए और इस मांग को लेकर पिछली और आज तक की सभी सरकारों को प्रस्ताव भेज चुके हैं, लेकिन अभी तक इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘लिव इन’ में रहने वालों पर भी सरकार को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपने ही गोत्र में शादी करने से संतान कमजोर पैदा होती है, क्योंकि उनका खून का रिश्ता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)