देश की खबरें | केरल : त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पास ‘रेल गार्ड’ जमीन से ऊपर उठा हुआ मिला

त्रिशूर (केरल), छह मार्च त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की सुबह एक ‘रेल गार्ड’ जमीन से ऊपर उठा हुआ पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सुबह चार बजकर 50 मिनट पर त्रिशूर-एर्नाकुलम डाउनलाइन पर जा रही एक मालगाड़ी स्टेशन से कुछ मीटर दूर रेल गार्ड के उस हिस्से से होते हुए आगे बढ़ गई।

रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पटरियों के किनारे ‘रेल गार्ड’ का सिरा जमीन से ऊपर उठा हुआ पाया गया। ऐसा किसी एक व्यक्ति द्वारा नहीं किया जा सकता।’’

अधिकारी के अनुसार, संदेह है कि कूड़ा बीनने वालों ने इसे चुराने का प्रयास किया होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश की संभावना समेत हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है।

तिरुवनंतपुरम की ओर जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने तुरंत रेलवे स्टेशन के प्राधिकारियों को इसकी सूचना दी।

अधिकारी ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केरल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

पिछले महीने कोल्लम जिले के कुंदरा में रेल की पटरी पर लोहे का खंभा रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)