देश की खबरें | केरल सरकार कनिचर भूस्खलन को विशेष मामला मानेगी, प्रभावित लोगों को देगी मुआवज़ा

तिरुवनंतपुरम, छह जून केरल सरकार ने उत्तरी कन्नूर जिले के एक गांव में पिछले साल हुए भीषण भूस्खलन को विशेष मामला मानने और इससे प्रभावित लोगों को 2018-19 में आई बाढ़ के पीड़ितों की तर्ज पर मुआवज़ा देने का मंगलवार को फैसला किया।

अगस्त 2022 में भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन ने इरिट्टी तालुका के कनिचर गांव में तबाही मचाई थी और जान और संपत्ति की हानि हुई थी।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में उन ग्रामीणों को मुआवजा देने का फैसला किया गया, जिनके घर आपदा में क्षतिग्रस्त हो गए थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुआवजा 2018-19 में आई बाढ़ के पीड़ितों को दी गई सहायता की तर्ज पर होगा।

बयान में कहा गया है कि जिन लोगों के घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (सीएमडीआरएफ) से चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे। जिन लोगों के घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

उसमें कहा गया है कि भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को कुल पांच-पांच लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे जिसमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से चार लाख रुपये और सीएमडीआरएफ से एक लाख रुपये शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)