देश की खबरें | केरल: मुथलापोझी के पास नाव पलटने से मछुआरे की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तिरुवनंतपुरम के मुथलापोझी बंदरगाह के पास मछली पकड़कर किनारे पर लौट रहे अधेड़ मछुआरे की नाव पलटने से बृहस्पतिवार तड़के मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
तिरुवनंतपुरम, 20 जून तिरुवनंतपुरम के मुथलापोझी बंदरगाह के पास मछली पकड़कर किनारे पर लौट रहे अधेड़ मछुआरे की नाव पलटने से बृहस्पतिवार तड़के मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान विक्टर थॉमस के रुप में हुई है और वह तटीय अंचुथेंगू क्षेत्र का रहने वाला था।
उन्होंने बताया कि नाव पर तीन और लोग सवार थे जो दुर्घटना में बच गये।
अंचुथेंगू पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, "मुथलापोझी के पास नाव उस वक्त पलटी जब मछुआरे मछली पकड़ कर वापस लौट रहे थे।"
मुथलापोझी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और इनसे होने वाली मौतों को लेकर तटीय क्षेत्र के निवासियों ने बृहस्पतिवार को एक ताबूत लेकर राज्य विधानसभा की ओर विरोध मार्च निकाला।
केरल लैटिन कैथोलिक एसोसिएशन (केएलसीए) के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने पलायम से विधानसभा तक मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें राज्य विधानसभा के करीब जाने से रोकने के लिए अवरोधक लगा दिए। उन्होंने अवरोधकों के सामने ही ताबूत रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने मछुआरों की मौत का हवाला देते हुए कहा कि मथुलापोझी में हो रही मौतों के बारे में सरकार को बार-बार सूचित किया जा रहा है, लेकिन उनकी ओर से कोई उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है।
मुथलापोझी के पास नाव पलटने से मछुआरों की मौत की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पेरुमथुरा में स्थित मुथलापोझी वह स्थान है जहां वामनपुरम नदी और कदीनामकुलम झील अरब सागर से मिलती हैं और यह स्थान समुद्र में जाते समय और तट पर लौटते समय मछुआरों के लिए खतरनाक बन गया है।
यह ज्वार-भाटे के कारण ऊंची उठती लहरों के चलते नाव पलटने से 28 मई को एक मछुआरे की मौत हो गई थी।
पिछले साल जुलाई महीने में यहां चार मछुआरों की मौत हो गई थी, जिसके बाद राज्य में इस मुद्दे को लेकर राजनितिक विवाद शुरू हो गया था। केरल में सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) दोनों ने तटीय क्षेत्र में तनाव पैदा करने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)