देश की खबरें | केरल: मादक पदार्थ जांच के दौरान संदिग्ध ने स्कूटर से आबकारी अधिकारी को मारी टक्कर, घायल

वायनाड, आठ मार्च केरल-कर्नाटक सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के मकसद से बनाई गयी एक जांच चौकी पर शुक्रवार रात को एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर ने अपने स्कूटर से आबकारी विभाग के एक अधिकारी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।

यहां बावली जांच चौकी पर तैनात 28 वर्षीय आबकारी अधिकारी जैमन मादक पदार्थों की जांच करने वाली टीम का हिस्सा थे।

आबकारी अधिकारियों के अनुसार, बावली उन चुनिंदा बिंदुओं में से एक है, जहां से मादक पदार्थों की केरल में तस्करी की जाती है।

आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया, “घटना बीती रात (शुक्रवार) करीब पौने नौ बजे हुई।”

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान उन्होंने एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को स्कूटर पर आते देखा और उसे रुकने के लिए कहा।

उन्होंने बताया हालांकि वह व्यक्ति नहीं रुका और जैमन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि टक्कर लगने से जैमन के दांत टूट गए, जबड़ा टूट गया और हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जैमन कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती है और संभवतः उसे सर्जरी करवानी होगी।

अधिकारी को टक्कर मारने के आरोपी व्यक्ति को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)