तिरुवनंतपुरम, 15 अक्टूबर केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और वाम सरकार ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के परिवार के सदस्य उनके साथ यूरोप यात्रा पर अपने निजी खर्च पर गए थे न कि सरकारी खर्च पर।
राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने यात्रा से लौटने के बाद यहां पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के परिवार के सदस्य अपने खर्च पर यात्रा पर गए थे।
उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी/पति या परिवार के अन्य सदस्यों को यात्रा पर अपने साथ ले जाने में कुछ भी गलत नहीं है बशर्ते कि यह राज्य सरकार के खर्च पर न हो।
उनकी यह टिप्पणी तब आयी है जब विजयन और अन्य मंत्रियों को यूरोप तथा दुबई और संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर अपने परिवार के सदस्यों को साथ ले जाने को लेकर विभिन्न वर्गों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने कहा था कि मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्री जनता को बताएं कि राज्य को उनकी यात्रा से क्या लाभ मिलेगा और इससे लोगों को कैसे फायदा पहुंचेगा।
वहीं, माकपा के राज्य सचिवालय ने यात्रा के खिलाफ आलोचनाओं का विरोध करते हुए एक बयान में आरोप लगाया कि यूडीएफ मीडिया के जरिए जनता के बीच इस यात्रा को लेकर फर्जी खबरें फैला रही है।
उसने कहा कि विदेशी राष्ट्रों के साथ चर्चा करने तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए केरल में निवेश आकर्षित करने के अवसरों के तलाशने के वास्ते यह यात्रा आवश्यक थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY