देश की खबरें | केरल : अनवर ने पीडब्ल्यूडी मंत्री रियास पर लगाए गंभीर आरोप, सबूत सार्वजनिक करने की दी धमकी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस की केरल इकाई के संयोजक पी वी अनवर ने सोमवार को राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास पर गंभीर आरोप लगाए और उनके खिलाफ सबूत सार्वजनिक करने की धमकी दी।
मलप्पुरम (केरल), दो जून तृणमूल कांग्रेस की केरल इकाई के संयोजक पी वी अनवर ने सोमवार को राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास पर गंभीर आरोप लगाए और उनके खिलाफ सबूत सार्वजनिक करने की धमकी दी।
अनवर ने एक दिन पहले ही नीलांबुर सीट पर 19 जून को होने वाला उपचुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
दो बार के विधायक ने मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के दामाद रियास पर उनका (अनवर का) चरित्र हनन करने का आरोप लगाया।
नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले यहां पत्रकारों से बात करते हुए अनवर ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता वी डी सतीशन, यूडीएफ उम्मीदवार ए. शौकत और रियास का गठजोड़ उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है।
अनवर ने दावा किया कि उनके पास कई मामलों में इन लोगों के खिलाफ ठोस सबूत हैं। उन्होंने नीलांबुर बाजार में एक टेलीविजन लगाकर इन सबूतों को सार्वजनिक करने की धमकी दी।
अनवर ने कहा कि वह सबूतों के आधार पर बोल रहे हैं और अगर इन नेताओं ने उनके खिलाफ दुष्प्रचार जारी रखा तो वह सबूतों को सार्वजनिक कर देंगे।
अनवर ने दावा किया कि अगर उन्होंने सबूत सार्वजनिक कर दिये तो ये नेता निर्वाचन क्षेत्र में पैर भी नहीं रख पाएंगे।
रियास का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए, अनवर ने कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री ही उनके खिलाफ चलाए जा रहे कथित चरित्र हनन अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
केरल सरकार, माकपा या रियास ने अनवर के बयान पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)