देश की खबरें | केजरीवाल रिश्वत की पेशकश करने वालों के नाम बताएं : बाजवा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उन लोगों के नामों का खुलासा करने की मांग की जिन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के सत्ता में आने के बाद ‘रिश्वत’ देने की पेशकश की थी।

चंडीगढ़, 19 अप्रैल कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उन लोगों के नामों का खुलासा करने की मांग की जिन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के सत्ता में आने के बाद ‘रिश्वत’ देने की पेशकश की थी।

केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली में कहा था कि पंजाब को पहले से लूट रहे कई ‘बड़े माफियाओं’ ने राज्य में आप सरकार बनने के बाद उनसे, मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं पार्टी विधायकों से संपर्क कर रिश्वत की पेशकश की थी एवं अनुचित सहयोग मांगा था।

इस दावे पर राज्य में विपक्ष के नेता बाजवा ने केजरीवाल से कहा कि ‘बिना उनके नाम लिये और बिना उनके खिलाफ कार्रवाई किये’ वह उन लोगों को इंसाफ के कठघरे से बच निकलने का मौका दे रहे हैं।

बाजवा ने कहा, ‘‘ याद रखिए, अब आप पंजाब में सत्ता में हैं न कि विपक्ष में।’’

उन्होंने ट्विटर पर केजरीवाल का एक वीडियो क्लिप टैग करते हुए सोमवार को लिखा, ‘‘ अरविंद केजरीवाल जी, ये गंभीर आरोप हैं। उन लोगों के नाम बताइए जिन्होंने आपको रिश्वत की पेशकश की। आप उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कीजिए। ’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वार्रिंग ने भी यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रिश्वत लेना और देना दोनों ही अपराध है तथा मुख्यमंत्री से उसकी पेशकश करना ‘ गंभीर अपराध’ है।

केजरीवाल ने पिछले हफ्ते कहा था, ‘‘ सभी बड़े माफिया, जो पंजाब को लूट रहे थे, अब मुझसे , मान से, हमारे मंत्रियों, विधायकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क करने लगे हैं और पूछ रहे हैं कि आपके यहां क्या व्यवस्था है, रिश्वत लेकर किससे मिलना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने उनसे कहा कि ईमानदारीपूर्वक काम कीजिए, अन्यथा आप जेल में डाल दिये जाएंगे। और हर चीज सही हो गयी। देखिए एक ही महीने में बिजली मुफ्त हो गयी। हमने इसके लिए एक एक पाई बचाया।’’

राजकुमार अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\