एजेंसी न्यूज

आत्ममुग्ध हैं केजरीवाल, पुराना वही नाटक कर रहे जो वह हर चुनाव से पहले करते हैं: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) वही ‘‘पुराना नाटक’’ कर रही है जो वह प्रत्येक चुनाव से पहले करती है.

आत्ममुग्ध हैं केजरीवाल, पुराना वही नाटक कर रहे जो वह हर चुनाव से पहले करते हैं: भाजपा
बीजेपी (Photo Credits PTI)

नयी दिल्ली, 18 सितंबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) वही ‘‘पुराना नाटक’’ कर रही है जो वह प्रत्येक चुनाव से पहले करती है. भाजपा की यह टिप्पणी दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा यह कहे जाने के कुछ घंटे बाद आई कि गुजरात में सत्ताधारी पार्टी बौखला गई है. पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि केजरीवाल ‘‘आत्ममुग्ध’’ हैं जो दो राज्यों में सत्ता हासिल करने के बाद खुद को भगवान समझ रहे हैं. पात्रा ने कहा कि केजरीवाल हमेशा किसी भी राज्य चुनाव से पहले दावा करते हैं कि उनकी पार्टी जीत रही है और अन्य परेशान हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ईमानदारी और बेईमानी को लेकर केजरीवाल का प्रमाणपत्र न्यायपालिका से अधिक महत्वपूर्ण है.

भाजपा प्रवक्ता ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह ‘‘आश्चर्य’’ की बात है कि आप नेता ने यह नहीं कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन भी उनसे डरते हैं. पात्रा ने कहा कि आप हिमाचल प्रदेश में ‘‘बिखर’’ गई और उत्तराखंड में इसके अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ दी, जबकि केजरीवाल ने इन राज्यों में अपनी पार्टी की संभावनाओं के बारे में बड़े-बड़े दावे किए थे. उन्होंने केजरीवाल पर यह दावा करने को लेकर पलटवार किया कि उनकी पार्टी ‘‘कट्टर ईमानदार’’ है. पात्रा ने कहा कि आप वास्तव में ‘‘कट्टर बेईमान’’ और भ्रष्ट है. भाजपा प्रवक्ता ने जितेंद्र सिंह तोमर और संदीप कुमार का हवाला देते हुए कहा, ‘‘इतिहास में किसी भी निर्वाचित सरकार के इतने मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप के कारण इस्तीफा नहीं देना पड़ा है जितने कि आप सरकार के मंत्रियों को देना पड़ा है.’’ यह भी पढ़ें : पीएम के मीडिया सलाहकार से बोले केजरीवाल, ‘मीडिया को धमकाना बंद करें’

पात्रा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार का ‘‘महिमामंडन’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि जिस नेता ने शराब के धंधे से ‘‘कमीशन’’ लिया उसने स्वयं की तुलना ‘‘कान्हा’’ (भगवान कृष्ण) से की. पात्रा ने उन्हें ‘‘बयान बहादुर’’ करार दिया.

इससे पहले दिन में, केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला किया और उन पर भ्रष्टाचार से लड़ने के नाम पर आप को ‘‘कुचलने’’ की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गुजरात चुनाव में हार का डर है. केजरीवाल ने अपनी पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार उनकी पार्टी के मंत्रियों और नेताओं को भ्रष्टाचार के झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही है क्योंकि भाजपा ‘‘गुजरात में आप की बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रही है.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 18, 2022 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).