नयी दिल्ली, 12 जुलाई दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को आलीशान बसों में राष्ट्रीय राजधानी के निकटवर्ती तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को यह जानकारी दी।
केजरीवाल ने बताया कि योजना के तहत दिल्ली से अब तक 72 ट्रेन से 71 हजार लोग तीर्थ यात्रा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि दिल्ली का हर बुजुर्ग व्यक्ति तीर्थ यात्रा पर जाए, लेकिन कभी-कभी ट्रेन उपलब्ध नहीं होती हैं। इसलिए, लोगों को अयोध्या जैसे नजदीकी तीर्थ स्थलों पर भेजने के लिए लक्जरी बसों का इस्तेमाल किया जा सकता है।”
मुख्यमंत्री ने यहां त्यागराज स्टेडियम में गुजरात के द्वारिकाधीश मंदिर की तीर्थ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह से मुलाकात की। उन्होंने उनसे दिल्ली और देश के लिए आशीर्वाद मांगने का आग्रह किया।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लिखा, “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज 73वीं ट्रेन श्री द्वारिकाधीश के लिए रवाना हो रही है। तीर्थ यात्रा पर जा रहे सभी बुजुर्गों से मिला और उन्हें यात्रा टिकट सौंपा।”
उन्होंने लिखा, “सभी बेहद खुश थे, खूब प्यार और आशीष मिला। तीर्थ कराना बहुत पुण्य का काम होता है और हम खुशकिस्मत हैं कि पुण्य का यह काम कर पा रहे हैं। अब तक 71 हजार बुजुर्ग तीर्थ यात्रा कर चुके हैं। ये सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। भगवान श्री कृष्ण जी की कृपा से सभी की यात्रा मंगलमय हो।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY