एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया दिल्ली की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ‘‘विफल’’ रहने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें नांगलोई जाट में दो महीने पुरानी गोलीबारी की घटना के पीड़ित से मिलने से रोका गया।

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया दिल्ली की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप

नयी दिल्ली, 27 नवंबर आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ‘‘विफल’’ रहने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें नांगलोई जाट में दो महीने पुरानी गोलीबारी की घटना के पीड़ित से मिलने से रोका गया।

केजरीवाल ने दावा किया कि ‘‘भाजपा समर्थकों और गुंडों’’ ने इलाके को घेर लिया और उन्हें परिवार से मिलने के लिए जाने से रोका

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी कार रोकी गई तब दिल्ली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘आज मैं इनसे मिलने आया था। भाजपा ने यहां हजारों कार्यकर्ता सड़क पर खड़े कर दिए। मेरी गाड़ी को रोक लिया गया। मुझे दुकान तक पहुंचने और परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। दुकान मालिक के बेटे को बाहर आकर मुझसे मिलना पड़ा।’’

इससे पहले दिन में केजरीवाल ने नांगलोई जाट जाने की अपनी योजना की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली में हर जगह डर और असुरक्षा का माहौल है। सड़कों पर गोलियां चलाई जा रही हैं, व्यापारियों को धमकाया जा रहा है, सरेआम हत्याएं हो रही हैं। अमित शाह जी ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था का मजाक बना दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज शाम मैं नांगलोई में ऐसे दो परिवारों से मिलने जा रहा हूं। एक परिवार की दुकान पर दिनदहाड़े गोलियां चलाई गईं। दूसरे परिवार से फोन पर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई और यह दिल्ली में हो रहा है।’’

इसके कुछ ही देर बाद दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो जारी करके कहा कि गोलीबारी की यह घटना दो महीने पहले हुई थी।

केजरीवाल ने दावा किया कि अपराध की गंभीरता के बावजूद, पुलिस बढ़ती चिंताओं खासकर जबरन वसूली की धमकियों से निपटने में विफल रही है।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी लापरवाही का आरोप लगाया।

दिल्ली पुलिस का नियंत्रण गृह मंत्रालय के पास है।

उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखना अमित शाह की जिम्मेदारी है लेकिन राष्ट्रीय राजधानी को देश की जबरन वसूली राजधानी बना दिया गया है।’’

स्थानीय आप विधायक रघुविंदर शौकीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पूरे इलाके में भाजपा के गुंडे हैं और पुलिस तमाशबीन है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केजरीवाल को कुछ हुआ तो इसके लिए दिल्ली पुलिस और शाह जिम्मेदार होंगे।

दिल्ली पुलिस के वीडियो बयान में विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, जोन II) मधुप कुमार तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया में सार्वजनिक हुई गोलीबारी की क्लिप दो महीने पुरानी है।

अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना के आरोपियों को पकड़ लिया गया है और दुकानदार भी पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। उसे उचित सुरक्षा दी गई है।

फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आप और भाजपा के बीच दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर टकराव जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 27, 2024 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).