देश की खबरें | म्यांमा के हालात पर करीबी नजर: भारत

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर म्यांमा के सैन्य शासन और विद्रोही बलों में लड़ाई तेज होने के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह पड़ोसी देश में घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा है।

भारत ने यह भी कहा कि वह देश में शांति और स्थिरता की वापसी के लिए म्यांमा के नेतृत्व वाली और म्यांमा के स्वामित्व वाली प्रक्रिया का समर्थन करता है।

खबरों के अनुसार, विद्रोही बलों ने कई सप्ताह तक चली भीषण लड़ाई के बाद रखाइन प्रांत के एन शहर में पश्चिमी कमान मुख्यालय पर कब्जा कर लिया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हम म्यांमा में घटनाक्रम पर बहुत बारीकी से नजर रख रहे हैं। हम समझते हैं कि लड़ाई तेज हो गई है और हम हालात पर बहुत बारीकी से नजर रख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि भारत ने अप्रैल में बंदरगाह शहर सित्तवे में भारतीय वाणिज्य दूतावास में सेवारत अधिकारियों को यांगून स्थानांतरित कर दिया था।

सित्तवे रखाइन प्रांत की राजधानी है।

एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा, ‘‘स्थानांतरण हो जाने के बावजूद, सित्तवे में हमारा वाणिज्य दूतावास अब भी काम कर रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘म्यांमा में हमारी कई विकासात्मक सहयोग परियोजनाएं भी हैं, जो आगे बढ़ रही हैं। ये सभी परियोजनाएं भारत की ओर से अनुदान-आधारित परियोजनाएं हैं, और इनका उद्देश्य म्यांमा के लोगों के हितों की सेवा करना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)