देश की खबरें | यातायात की स्थिति पर नजर रखें महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालु : मोहन यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महाकुंभ के लिए प्रयागराज की ओर जाने वाली सड़कें वाहनों से भरी होने के मद्देनजर मंगलवार को श्रद्धालुओं से घर से निकलने से पहले यातायात और भीड़ के बारे में जानकारी लेने का आग्रह किया।
भोपाल, 18 फरवरी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महाकुंभ के लिए प्रयागराज की ओर जाने वाली सड़कें वाहनों से भरी होने के मद्देनजर मंगलवार को श्रद्धालुओं से घर से निकलने से पहले यातायात और भीड़ के बारे में जानकारी लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि उनकी सरकार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही है, लेकिन श्रद्धालुओं को यातायात की स्थिति के बारे में भी जानकारी रखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि यदि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अधिक है तो यात्रा को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया जाना चाहिए।
यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं को अपने साथ आवश्यक वस्तुएं भी ले जानी चाहिए, हालांकि सरकार रास्ते में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे जिलों, विशेषकर रीवांचल में महाकुंभ के तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रयागराज मध्यप्रदेश की सीमा से 45 किलोमीटर दूर है। महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों से निजी वाहनों से महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु मध्यप्रदेश से होकर गुजरते हैं।
पिछले एक सप्ताह से रेलवे स्टेशनों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है।
रीवा रेंज के प्रभारी महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पांडे ने बताया कि मंगलवार से यातायात कम हो गया है।
रीवा रेंज के प्रभारी महानिरीक्षक ने कहा, ‘‘फिलहाल कोई जाम नहीं है। लेकिन सतना रेलवे स्टेशन पर भीड़ है और वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)