चेन्नई, 22 मई मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के दिग्गज नेता रहे पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि आधुनिक तमिलनाडु के निर्माता हैं, क्योंकि उन्होंने दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ राज्य में कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की थी।
स्टालिन ने कहा कि इसलिए उनकी जन्म शताब्दी के मद्देनजर वर्ष भर चलने वाले समारोह में लोगों को उनकी ओर से की गयी नयी पहल की याद दिलाई जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने करुणानिधि की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से मनाए जाने वाले उत्सव को लेकर यहां सचिवालय में एक परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। यह उत्सव तीन जून से शुरू हो रहा है।
द्रमुक ने 21 मई को एक वर्ष के लिए करुणानिधि की जन्म शताब्दी मनाने और पार्टी के सभी जिलों में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया। पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर अध्ययन केंद्र भी स्थापित करेगी।
स्टालिन ने कहा कि कलैगनार (करुणानिधि का जनप्रिय संबोधन) पांच बार मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने 13 बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। वह न केवल राज्य के कद्दावर नेता थे बल्कि देश की राजनीतिक दिशा तय करने के अलावा कई नेताओं के प्रधानमंत्री बनने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
स्टालिन ने कहा, ‘‘ एक साल तक तमिलनाडु की बेहतरी और विकास के लिए जीवन भर काम करने वाले कलैगनार की शताब्दी मनाएं। आइए उनकी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। सामाजिक सुधार, विकास और समानता उनके शासन की आधारशिला थी। समारोह को केवल उनकी उपलब्धियों का महिमामंडन करने के बारे में ही केंद्रित नहीं होना चाहिए, बल्कि लोगों को उनकी कल्याणकारी पहल की याद दिलानी चाहिए। ’’
करुणानिधि के बेटे स्टालिन ने कहा, ‘‘ कलैगनार आधुनिक तमिलनाडु के निर्माता हैं क्योंकि उन्होंने छात्रों के लिए मुफ्त बस पास जैसी कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया, महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों का गठन किया, स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया, लोगों के लिए मुफ्त बीमा योजना प्रदान की, उझावर संताई नामक किसान बाजारों की स्थापना की। ’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब कलैगनार पहली बार मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने कहा कि 'हालांकि मैं किले (सचिवालय) से शासन करता हूं, मेरे विचार हमेशा गरीबों के साथ हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY