देश की खबरें | कर्नाटक: कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों ने विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए

बेंगलुरु, 20 जून कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार समेत कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों ने 30 जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए मंगलवार को अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कांग्रेस ने चुनाव में शेट्टार, मंत्री एन.एस. बोसेराजू और टी. कमकनूर को उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी और जनता दल सेक्युलर ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के अनुसार एक निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहा है। मौजूदा विधायक उम्मीदवारों का चुनाव करेंगे।

नामांकन पत्र दाखिल करते समय मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत विभिन्न नेता मौजूद रहे।

विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बाबूराव चिंचनसूर, आर. शंकर और लक्ष्मण सावदी के इस्तीफा देने के बाद विधान परिषद की ये तीन सीट खाली हुई थीं।

सावदी ने जहां विधानसभा चुनाव में अपनी सीट से जीत दर्ज की तो वहीं, चिंचनसूर और शंकर को शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)